
सहसपुर (डॉ बिलाल अंसारी)–
ज़मीन दिलाने के नाम पर 65 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में कोतवाली सहसपुर पुलिस ने एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया। इस मामले में अब तक कुल दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
सहसपुर पुलिस के अनुसार, एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जनपदभर में वांछित एवं फरार अभियुक्तों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सहसपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त दीपक पुत्र स्वर्गीय सुरेश निवासी ग्राम मेहुवाला खालसा, थाना विकासनगर, जनपद देहरादून (उम्र 28 वर्ष) को गिरफ्तार किया।

मामला 5 अप्रैल 2026 का है, जब हरबर्टपुर निवासी डॉ. शैलेन्द्र तिवारी ने कोतवाली सहसपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रजनीश सैनी, वीरू, दीपक पुत्र मदन सिंह तथा दीपक पुत्र सुरेश सहित अन्य लोगों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि दिलाने के नाम पर उनसे 65 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर उन्हें गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायत की जांच के बाद कोतवाली सहसपुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 5 अगस्त 2026 को अभियुक्त दीपक पुत्र मदन सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में आरोपी रजनीश सैनी न्यायालय से अग्रिम जमानत पर है, जबकि आरोपी वीरू की मृत्यु हो चुकी है। ताजा गिरफ्तारी के साथ इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा अन्य विधिक कार्रवाई जारी है।
