आम इंसान विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आकिल अहमद ने विकासनगर में की प्रेस वार्ता

विकासनगर : विकासनगर में आम इंसान विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आक़िल अहमद ने एक निजी होटल में प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार लगातार मुसलमानों को टारगेट करने में लगी हुई है। हाल ही में उत्तराखंड में भाजपा सरकार ने मदरसों में रामायण पढ़ने का निर्देश दिया है, जिसका आम इंसान विकास पार्टी विरोध करती है। आकिल अहमद ने यह भी कहा कि यह देश धर्मनिरपेक्ष देश है और ऐसे आदेशों से मुख्यमंत्री को बचना चाहिए, यदि उन्हें ऐसे आदेश करने ही है तो फिर हमारा कहना यह है कि राज्य के सभी प्राइवेट व सरकारी विद्यालयों में भी कुरान शरीफ पढ़ने का आदेश भी भाजपा सरकार को करना चाहिए। तब हम समझेंगे कि मुख्यमंत्री का आदेश सही है।

अकिल अहमद ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ऐसे कई आदेश पारित कर चुकी है जो सीधे-सीधे मुस्लिम समुदाय के खिलाफ हैं।आम इंसान विकास पार्टी ने उत्तराखंड में पहले भी यूसीसी, लैंड जिहाद व लव जिहाद कानून लागू करने जैसे मामलों का विरोध किया है। अगर सरकार रामायण और यूसीसी लागू करने का काम करेगी तो आम इंसान विकास पार्टी यह बर्दाश्त नहीं करेगी। मुख्यमंत्री आए दिन यूसीसी लागू करने की बात कह रहे हैं यह सब प्रोपेगेंडा 2024 के लोकसभा चुनाव जीतने के लिए तैयार किया जा रहा है। भाजपा सरकार ने हमेशा जाति धर्म के मुद्दों को उठाकर चुनाव जीतने का काम किया है।
इस मौके पर राजू तोमर, जगदीश शर्मा, हाफिज महफूज सहित पार्टी के सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे।