बद्दी फैक्ट्री अग्निकांड में तीसरे दिन भी नहीं मिल पाए लापता 4 कर्मचारी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

सोलन: हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के बद्दी में कॉस्मेटिक और परफ्यूम बनाने वाली फैक्ट्री में लगी आग बुझ चुकी है, लेकिन रेस्क्यू ऑपरेशन के तीसरे दिन भी 4 लोगों की तलाश जारी रही। बीते दिन भी कर्मचारियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया, जिसके बाद आज एक बार फिर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के झाड़माजरी में कॉस्मेटिक और परफ्यूम बनाने वाली एनआर एरोमा कंपनी में शुक्रवार दोपहर बाद से लगी आग फिलहाल बुझ चुकी है। लेकिन अभी भी अपनों की तलाश में लोग यहां पर इंतजार कर रहे हैं। आज रेस्क्यू ऑपरेशन का तीसरा दिन था 4 लोगों की तलाश अभी भी बाकी है। आज दिन भर मौसम खराब होने के चलते भी एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवान जद्दोजहद करते रहे लेकिन आज कोई भी व्यक्ति जवानों को नहीं मिल पाया है।

डीसी सोलन मनमोहन शर्मा ने जानकारी दी कि आज तीसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखा गया था। मौसम खराब होने की वजह से बीच-बीच में ऑपरेशन रोकना पड़ा, लेकिन लगातार लोगों की तलाश जारी रही अब फिर से यहां पर आज रेस्क्यू ऑपरेशन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हिमाचल फॉरेंसिक टीम लगातार मौके पर साक्ष्य जुटा रही है। वहीं, आज सेंटर फॉरेंसिक टीम भी चंडीगढ़ से बद्दी के झाड़माजरी में पहुंचेगी। टीम पता लगाएगी कि आग लगने के क्या कारण रहे हैं? किस तरह से आग यहां पर भड़की थी? इसको लेकर जांच की जाएगी। वहीं, आज उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचेंगे।
पुलिस ने घटना स्थल से लिए बॉडी पार्ट्स सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। एसपी बद्दी इलमा अफरोज ने जानकारी देते हुए बताया कि घटनास्थल से पुलिस ने सैंपल लिए है जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। कंपनी के भीतर कुछ बॉडी पार्ट्स भी नजर आए हैं, जिन्हें निकालने का प्रयास किया जा रहा है। अंदर गैस और आग होने की वजह से बॉडी पार्ट्स निकालने और रेस्क्यू ऑपरेशन करने में दिक्कत आ रही है।
जिस समय यह घटना पेश आई उस समय कंपनी के भीतर 70 से 80 कर्मचारी मौजूद थे। कुछ लोगों ने छत से कूद कर अपनी जान बचाई तो कुछ वहीं पर फंसे रह गए। अब तक 30 लोगों का रेस्क्यू प्रशासन की ओर से इस घटना में किया गया है। वहीं 5 लोगों की मृत्यु इस मामले में अभी तक हुई है।

वहीं, आज दिनभर लापता हुए लोगों के परिजन अपनों की तलाश में इंतजार करते रहे और आरोप लगाते रहे कि कंपनी की लापरवाही की वजह से वे आज अपनों को खो चुके हैं। समय रहते यदि कर्मचारियों को बाहर निकल गया होता तो शायद उनकी जान बच जाती लेकिन लापरवाही यहां पर बरती गई है।
बता दें कि प्रदेश सरकार द्वारा इस मामले को लेकर एसआईटी का गठन किया गया है। कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कंपनी के मैनेजर की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं। इस पूरे प्रकरण को लेकर एडीसी सोलन अजय यादव जांच कर रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। फोरेंसिक टीम के रिपोर्ट आने के बाद खुलासा हो पाएगा कि आखिर किस कारण से यहां पर आग लग पाई है। बहरहाल सरकार ने दावा किया है कि यहां पर प्रभावितों को और मृतकों के परिजनों को सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
आग लगने के कारणो का तो जांच के बाद ही पता चल पाएगा, लेकिन सवाल यह पैदा होता है कि ज्वलनशील माने जाने वाले परफ्यूम व कॉस्मेटिक आदि की कंपनी में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं थे? क्या इसकी अग्निशमन विभाग की और से कोई जांच नहीं की गई थी या फिर कुछ और ? बहरहाल इस घटना में प्रभावित लोगों को सरकार द्वारा कितना मुआवजा दिया जाता है यह तो वक्त ही बताएगा लेकिन सरकार को ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी कदम उठाने चाहिए। गरीब मजदूरों की जान की परवाह न करने वाले इन कंपनी मालिकों पर भी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।