दुस्साहस – दून अस्पताल के चिकित्सक को इलाज के लिए आये व्यक्ति ने दिखाई पिस्तौल

देहरादून (डॉ बिलाल अंसारी) : दून अस्पताल में इलाज करवाने के लिए एक व्यक्ति ने चिकित्सक को पिस्टल दिखा दी। चिकित्सक सुरक्षाकर्मी बुलाते इससे पहले आरोपी व्यक्ति वहां से फरार हो गया। आरोपी के साथी को एमरजेंसी में ही पकड़ लिया गया, जिसे पूछताछ के लिए शहर कोतवाली लाया गया है। पुलिस ने चिकित्सकों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में चिकित्सक ने शहर कोतवाली में तहरीर भी दी है।
घटना रविवार शाम करीब आठ बजे की है। दो व्यक्ति अपना इलाज करवाने के लिए दून अस्पताल पहुंचे। उस दौरान एमरजेंसी ड्यूटी पर डा. मोहम्मद आमिर खान और डा. उबेद थे। इनमें से एक ने चिकित्सक को धमकाया और जल्द से जल्द इलाज करने को कहा। चिकित्सक ने थोड़ा रुकने को कहा तो आरोपित ने पिस्टल निकालकर दिखा दी। घटना के बाद चिकित्सक भी भयभीत हो गए और सुरक्षाकर्मी को आवाज लगाई। इतने में पिस्टल दिखाने वाला आरोपी वहां से फरार हो गया। इस दौरान करीब दो घंटे तक मरीजों को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा।


सुरक्षाकर्मियों ने साथ आए दूसरे युवक को पकड़ लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के साथी को हिरासत में ले लिया और शहर कोतवाली ले गई। गुस्साए चिकित्सकों ने पिस्टल दिखाने वाले आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। इस दौरान पुलिस ने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शहर कोतवाल पीडी भट्ट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पिस्टल दिखाने वाला आरोपी शराब के नशे में था। यह भी देखा जा रहा है कि पिस्टल असली थी या नकली? दून अस्पताल की एमरजेंसी के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। आरोपी देहरादून के ही रहने वाले हैं। पूछताछ के आधार पर आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दून अस्पताल के एमएस डॉ. अनुराग अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में इस तरह की घटनाएं बढ़ गई हैं। इस पर कड़ा कदम उठाया जाएगा। इसके लिए पुलिस से भी सहयोग मांगा गया है। एक पुलिसकर्मी अस्पताल में 24 घंटे रहे, ताकि किसी तरह की अनहोनी की आशंका न हो।