spot_img
spot_img
spot_img

देवभूमि पत्रकार संघ का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, प्रिंट मीडिया की प्रामाणिकता अभी भी कायम : ऋतु भूषण खंडूरी

देहरादून (अमानुल्लाह उस्मानी): विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी ने देवभूमि पत्रकार यूनियन (पंजीकृत) के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए कहा कि लोकतंत्र के तीनों स्तंभों के साथ-साथ मीडिया की जिम्मेदारियां आज भी महत्वपूर्ण बनी हुई हैं। इसकी जिम्मेदारियां बेहद महत्वपूर्ण हैं। मीडिया के बदलते स्वरूप के बावजूद प्रिंट मीडिया की प्रामाणिकता आज भी बरकरार है।
स्थानीय उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह में भाग ले रहे पत्रकारों को संबोधित करते हुए रितु भूषण खंडूरी ने कहा कि आज पत्रकारिता की भूमिका देश और समाज को सही दिशा देने में सक्षम है। साथ ही पत्रकार संघ विपरीत परिस्थितियों से निपटने और पत्रकारों के हित में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। प्रेस समाज का दर्पण है। एक ओर जहां प्रेस को आलोचना करनी चाहिए, वहीं अच्छी बातों को भी उजागर करना चाहिए।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने देवभूमि पत्रकार यूनियन की नवनिर्वाचित प्रदेश कार्यकारिणी व जिला कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित सूचना आयुक्त योगेश भट्ट ने कहा कि आज मीडिया व पत्रकारों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। जबकि दोनों का कार्य अलग-अलग है। आज पत्रकार स्वयं को मीडिया कहने लगे हैं। आज प्रेस के लगातार बदलते स्वरूप के कारण पत्रकारों का अस्तित्व खतरे में पड़ रहा है। आज हर व्यक्ति पत्रकार बन गया है। जिसके कारण आम लोगों के मन में प्रेस की विश्वसनीयता संदिग्ध होती जा रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकार संगठनों व यूनियनों को विपरीत परिस्थितियों में पत्रकारिता कर रहे पत्रकार साथियों के हितों के लिए तत्पर रहना चाहिए।

इनके अलावा राज्यमंत्री विनोद उनियाल, सरोजिनी सेमवाल, अरुण शर्मा, डीडी मित्तल, पंडित विजेंद्र कुमार ममगाई, डॉ एमआर सकलानी आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित व माल्यार्पण के साथ हुआ। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी जो थोड़ा विलंब से पहुंचे, ने उपस्थित पत्रकारों की समस्याओं पर चर्चा की तथा उनके समाधान का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पत्रकार अपनी समस्याओं को लेकर कभी भी मुझसे मिल सकते हैं। मैं उनका समाधान करने का सदैव प्रयास करूंगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल वर्मा ने की तथा संचालन प्रदेश महासचिव डॉ वीडी शर्मा ने किया। कार्यक्रम में प्रदेश व शहर के सैकड़ों सम्मानित पत्रकार, कवि, साहित्यकार, समाजसेवी मौजूद रहे।

spot_img
spot_img