डोईवाला (बिलाल अंसारी) :
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में डोईवाला के लच्छीवाला टोल प्लाजा पर बड़ा हादसा हो गया है। सुबह लगभग 8 बजे हुए इस हादसे ने राह चलते लोगों को झकझोर दिया। खनन सामग्री से लदे एक डम्पर ने टोल प्लाजा पर तीन गाड़ियों को जबरदस्त टक्कर मार दी।
देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रहा डंपर संख्या UK 18 CA 6636 लच्छीवाला टोल प्लाजा के पास ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर 03 वाहनो को क्षतिग्रस्त कर टोल प्लाजा के पोल से टकरा गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ ने डंपर के नीचे आई दो गाड़ियों को मशीन से कटिंग कर बाहर निकाला। पोल और डम्पर के बीच एक कार UK07 AF 2506 अभी भी फंसी हुई है। जिसमें बैठे 02 व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गयी। पुलिस द्वारा मृतकों के शवों को वाहन से बाहर निकाल कर अग्रिम कार्रवाई हेतु मोर्चरी में भिजवा दिया है।
मृतको में से एक व्यक्ति की पहचान रतनमणि उनियाल निवासी इंद्रप्रस्थ एनक्लेव लेन नंबर – 15, नियर 6 नंबर पुलिया, रायपुर देहरादून के रूप में हुई है। दूसरे मृतक के पास से पंकज कुमार पुत्र किशोरी लाल पवार के नाम का पहचान पत्र मिला है। जिसकी शिनाख्त के प्रयास किये जा रहे हैं। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है, जिनके आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। डंपर चालक को पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया है। घटना के संबंध में अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रक और वहां खड़े पोल के बीच में दब गई। हादसे के बाद टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गयी। टोल प्लाजा पर लगने वाली वाहनों की लम्बी कतारो को इस हादसे का एक बड़ा कारण बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टोल पर वाहनों की लंबी कतारें लगती हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पुलिस ने डंफर को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस भीषण हादसे के बाद टोल प्लाजा पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। देहरादून के लच्छीवाला टोल प्लाजा पर आये दिन हादसे होते रहते हैं। जिनमे टोल प्लाजा पर यातायात पुलिस की गैर मौजूदगी भी हादसों का कारण बन रही है।
