विकासनगर में भीमावाला पुल के पास अनियंत्रित होकर शक्ति नहर में गिरी कार, महिला की मौत

विकासनगर (बिलाल अंसारी) :
विकासनगर में देर रात एक भीषण हादसा हो गया। शक्ति नहर में एक कार गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिस में कुल पांच लोग सवार थे। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात्रि को रिहान (उम्र 37 वर्ष) पुत्र यासीन अपनी पत्नी इशरत (उम्र 35 वर्ष), बेटे उमेर (उम्र 1.5 वर्ष ) के साथ ईद का त्योहार मनाने कार से रिश्तेदारी में जीवनगढ़ गए थे। वापसी में पत्नी, बेटे और भांजे नसीम (उम्र 30 वर्ष) के साथ कार से घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कार से वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार भीमावाला पुल के पास अनियंत्रित होकर शक्ति नहर में जा गिरी। कार नहर में गिरने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना पर डाकपत्थर पुलिस व एसडीआरएफ ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाल कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

डाकपत्थर पोस्ट से एसडीआरएफ टीम के अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कार दुर्घटना के दौरान कार से किसी तरह चार लोगों को सकुशल बाहर निकल लिया गया। कार में सवार एक महिला इशरत बुरी तरह से अंदर ही फंस गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला के शव को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।
एसडीआरएफ के अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर ने बताया कि कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिसमें से चार लोग दुर्घटनाग्रस्त कार से बाहर आ गए थे। कार में ही रह गई एक महिला की मौके पर मौत हो गई। महिला की पहचान इशरत निवासी ढकरानी के रूप में हुई है। शव को बाहर निकालकर मुख्य मार्ग तक लाया गया। शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सपुर्द किया गया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जाँच शुरू कर दी है।