अवैध खनन पर भड़के विधायक मुन्ना सिंह चौहान, पूरा थाना लाइन हाजिर करने की दे डाली चेतावनी

विकासनगर (बिलाल अंसारी):
विधायक मुन्ना सिंह चौहान आज अवैध खनन से भरी ट्रैक्टर ट्राली पकड़ने के लिए खुद ग्राउंड जीरो पर उतरे। जिस कारण खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने खुद खनन की ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली पकड़ी। विधायक चौहान को पुल नंबर एक के पास खनन की ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली खुद पकड़नी पड़ी। नवाबगढ में अवैध खनन पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि चालीस मिनट से वेट कर रहा हूँ कोई पुलिस कर्मचारी नहीं पहुँचा। अफरा तफरी में मौके पर पहुँचे पुलिस कर्मचारियों की विधायक चौहान ने ढंग से क्लास लगाई। विधायक ने गुस्से में पूरा थाना लाइन हाजिर करने की चेतावनी दे डाली। विधायक बोले कि कोतवाल ने अपना फोन किसी अन्य को थमा रखा था। जिस कारण विधायक चौहान की विकासनगर कोतवाल से बात नहीं हो पाई। ट्रैक्टर ट्राली छुड़ाने को भारी संख्या में दबंग भी मौके पर पहुँचे थे, जो विधायक चौहान को देखकर लौट गए। विधायक चौहान ने पुलिस को सभी को चिन्हित कर कार्यवाई करने के लिये कहा।

यहाँ सवाल यह उठता है कि क्या विकासनगर में अवैध खनन के मामले में प्रशासन विधायक मुन्ना सिंह चौहान की भी नहीं सुन रहा है ?

हालाँकि एसएसपी देहरादून ने तुरंत पुलिस कर्मियों पर एक्शन लेते हुए कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने पर उप निरीक्षक वैभव गुप्ता, चौकी प्रभारी बाजार, चीता में नियुक्त हेड कांस्टेबल मनोज तथा कांस्टेबल नवबहार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।