सहसपुर पुलिस ने किया एक नशा तस्कर को गिरफ्तार, अवैध स्मैक बरामद, बड़े तस्करों तक पहुंच नहीं पा रही है जांच की आंच

सहसपुर (बिलाल अंसारी) : नशे पर प्रहार करते हुए आज सहसपुर पुलिस ने एक नशा तस्कर को दबोचने में सफलता हासिल की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025 ” के विजन को साकार करने के लिए एसएसपी देहरादून अजय सिंह द्वारा सभी अधीनस्थों को अपने-अपने क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी तथा नशे के कारोबार में लिप्त अभियुक्तों को चिन्हित करते हुए उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने हेतु कड़े निर्देश दिए गए हैं। उक्त क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण-II रेनू लोहानी व क्षेत्राधिकारी विकासनगर भास्कर लाल शाह के पर्यवेक्षण मे थाना सहसपुर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी व बिक्री पर अंकुश लगाये जाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस टीम द्वारा दौराने गश्त कसाई मोहल्ला बड़ा रामपुर कलां सहसपुर से एक अभियुक्त क़ुरबान के कब्जे से 7.99 ग्राम अवैध स्मैक बरामद होने पर गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। अभियुक्त को न्यायालय पेश किया जा रहा है। अभियुक्त का नाम कुर्बान पुत्र फुरकान निवासी शंकरपुर हुकुमतपुर थाना सहसपुर देहरादून (उम्र 34 वर्ष) है।

गौरतलब है कि पछवादून में नशे का कारोबार दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। पछवादून में नशे का कारोबार बढ़ने की खबरें समय-समय पर सामने आती रही हैं। देहरादून अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण (नेपाल और हिमाचल प्रदेश जैसे क्षेत्रों से निकटता) नशे की तस्करी के लिए संवेदनशील रहा है। इसके अलावा, बाहरी राज्यों से आकर मज़दूरी करने वाले और खास तौर से बाहरी राज्यों से आकर पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं नशे के चंगुल में आसानी से फंस रहे हैं। नशीली दवाएं, जैसे स्मैक, गांजा, और सिंथेटिक ड्रग्स, स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध हो रही हैं। मेडिकल स्टोर्स पर बिना पर्ची के नशीली दवाओं की बिक्री भी एक बड़ा कारण है। बेरोजगारी, तनाव, और गलत संगति के कारण युवा नशे की ओर आकर्षित हो रहे हैं। खासकर कॉलेज के छात्र और युवा पब-क्लब संस्कृति में ड्रग्स को ‘फैशन’ माना जाता है। पुलिस और नारकोटिक्स विभाग की कार्रवाइयां हो रही हैं, लेकिन बड़े तस्करों तक जांच की आंच पहुंच नहीं पाती। कुछ मामलों में स्थानीय स्तर पर भ्रष्टाचार की शिकायतें भी सामने आती रहती हैं। नशे की लत के कारण चोरी, हिंसा, और अन्य अपराध बढ़ रहे हैं।
देहरादून पुलिस लगातार लोगों को नशे के विरुद्ध जागरूक कर रही है। यदि कसी व्यक्ति को नशे की तस्करी या बिक्री के बारे में कोई सूचना मिलती है, तो तुरंत स्थानीय पुलिस या नारकोटिक्स विभाग को सूचित करें। समाज में फैलती नशे की जड़ों को ख़त्म करने में आम जनता को आगे आना होगा।