केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में सीमावर्ती राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक का आयोजन

चारधाम यात्रा व राष्ट्रीय प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाई जाए : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून (बिलाल अंसारी) :
ऑपरेशन ‘सिंदूर’ की सफलता के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में सीमावर्ती राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ आयोजित बैठक में प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुक्रम में प्रदेश के उच्चाधिकारियों के साथ हाई लेवल बैठक आयोजित की गयी। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए एवं प्रदेश में स्थित बांधों (Dams) और ऊर्जा संयंत्रों (Energy Plants) की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्प्रभावी किया जा सके।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संचार माध्यमों पर कड़ी निगरानी रखी जाए साथ ही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को सख्ती से रोका जाए। इस संवेदनशील समय में जमाखोरी व मुनाफाखोरी जैसी गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखने के साथ ही आवश्यक दवाइयों और संसाधनों का पर्याप्त भंडारण करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सामुदायिक भवनों, धर्मशालाओं व अन्य सार्वजनिक स्थलों को राहत केंद्र के रूप में तैयार रखा जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि शासन-प्रशासन हर तरह से मदद के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के लिए अतिरिक्त केंद्रीय सुरक्षा बल उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का विशेष आभार व्यक्त किया है। इसके साथ ही सीएम ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील भी की है।