सेलाकुई नगर पंचायत की शिवनगर बस्ती में गहराया पेयजल संकट, पानी की बूँद-बूँद को तरसे लोग पानी के टैंकरों से प्यास बुझाने को मजबूर हुए सैकड़ों परिवार

सेलाकुई (बिलाल अंसारी) :
गर्मी शुरू होते ही नगर पंचायत सेलाकुई की शिवनगर बस्ती में पेयजल संकट गहरा गया है। जल संस्थान की ओर से पेयजल आपूर्ति बहाल करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाये जा रहे हैं। वार्ड नंबर 2 के सभासद किरण पंवार द्वारा टैंकर से लोगों को पीने का पानी मुहैय्या कराया जा रहा है। पीने के पानी की समस्या लगभग दो महीने से बनी हुई है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि शिवनगर बस्ती में पेयजल लाइन तो बिछी है लेकिन उनमें पानी नहीं आता। पानी की किल्लत को देखते हुए जल जीवन मिशन के तहत नई पेयजल योजना के अंतर्गत नई लाइने बिछाई गई थी, लेकिन करोड़ों की लागत से बिछी नई पेयजल लाइनों में पानी नहीं आ रहा है। पिछले एक सप्ताह से जल संस्थान अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति सुचारू करने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन अधिकारी उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। भीषण गर्मी में टैंकरों से पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि जल संस्थान पेयजल आपूर्ति जल्द ही सुचारु नहीं करता तो बस्ती के लोग जल संस्थान कार्यालय पर धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगे ।