देहरादून निवासी एक परिवार के सात लोगों ने पंचकूला में की आत्महत्या, कार में मिली परिवार की लाशें

पंचकूला (हरियाणा) –
आज हरयाणा के पंचकूला में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सोमवार रात करीब 11 बजे पंचकूला में डायल 112 पर सूचना मिली कि पंचकूला के सेक्टर 27 के मकान नंबर 1204 के बाहर खड़ी एक कार में सात लोगों ने आत्महत्या कर ली है। सभी सात लोगों के शव पंचकूला के सेक्टर 27 में एक मकान के बाहर सड़क पर खड़ी गाड़ी में मिले। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार परिवार ने भारी कर्ज में होने के कारण और आर्थिक तंगी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली है। सूत्रों की माने तो देहरादून निवासी प्रवीण मित्तल अपने परिवार सहित पंचकूला में आयोजित बागेश्वर धाम की हनुमंत कथा कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद देहरादून वापस जाते हुए उन्होंने सामूहिक आत्महत्या का यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट भी बरामद किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सभी सातों शवों को पंचकूला के निजी अस्पतालों के शव गृह में रखवाया गया है। पंचकूला डीसीपी हिमाद्री कौशिक और डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर अमित दहिया मौके पर पहुंच कर जांच में जुटे हैं।
मृतकों में प्रवीण मित्तल (उम्र 42 वर्ष) निवासी देहरादून, प्रवीण के माता-पिता, प्रवीण की पत्नी और 2 बेटी और एक बेटे सहित तीन बच्चे शामिल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार परिवार देहरादून के कौलागढ़ का रहने वाला था। कौलागढ़ में यह परिवार तीन साल तक किराए पर रहा था। तीन साल पहले वह यहां से मकान छोड़ कर नींबूवाला में किराए पर रहने चले गए थे। उनके एक पडोसी ने बताया कि यह परिवार एक एनजीओ भी चलाता था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रवीण मित्तल ने कुछ समय पहले देहरादून में टूर एंड ट्रैवल का कारोबार शुरू किया था जो चल नहीं पाया। उसमें उनको भारी घाटा हुआ। इसी कारण परिवार कर्ज में डूब गया था। हालत इतनी खराब थी कि परिवार का गुजारा भी नहीं हो पा रहा था। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है और हर कोई इस दुखद त्रासदी से सदमे में है।