जिंदगी और मौत से लड़ रही अनुष्का हार गई ज़िन्दगी की जंग, 39 दिनों तक जीवन-मृत्यु से किया संघर्ष

सेलाकुई में दौड़ी शोक की लहर, नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित चौधरी ने भी जताया शोक

सेलाकुई (बिलाल अंसारी) –
बीते 23 अप्रैल को सेलाकुई निगम रोड पर तेज गति से आ रही आल्टो कार ने राजकीय इंटर कॉलेज के 10 छात्र-छात्राओं को रौंद डाला था। जिसमे अनुष्का सहित सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार की लाडली बेटी अनुष्का दुर्घटना के दिन अपनी बहन सौम्या को लेने के लिए स्कूल गई थी। छोटी बहन सौम्या को लेकर स्कूल से आ रही थी तभी काल बनकर आ रही एक आल्टो कार ने बच्चों के साथ अनुष्का को भी रौंद डाला था। अनुष्का की बहन सौम्या भी उक्त हादसे में घायल हो गई थी, जिसे तीन दिन उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, लेकिन अनुष्का गंभीर रूप से घायल होने के कारण अस्पताल में रही जहां उसका इलाज डॉक्टर द्वारा किया जा रहा था। लेकिन 39 दिनों तक जिंदगी और मौत से लड़ रही अनुष्का नहीं बच पाई और जिंदगी की जंग हार गई। अब सवाल ये उठता है कि क्या अनुष्का के हत्यारे को सजा मिलेगी ? क्या संगठन ,समाज, कानून अनुष्का के हत्यारे को सजा दिलाएंगे ?
सेलाकुई नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित चौधरी ने शोक ज़ाहिर करते हुए कहा कि इस हृदयविदारक घटना ने उनके परिवार और सेलाकुई के जनमानस को गहरे शोक में डुबो दिया है। हम उनकी आत्मा की शांति और परिवार को दुख सहने की शक्ति की प्रार्थना करते हैं। अनुष्का की स्मृति हमेशा हमारे दिलों में रहेगी।