राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण व औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने किया मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण, अनियमितता पाए जाने पर पांच मेडिकल स्टोरों पर खरीदो-फरोख्त बंद

सेलाकुई (बिलाल अन्सारी)-
सेलाकुई में ‘सुरक्षित दवा सुरक्षित जीवन’ अभियान के तहत राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण व औषधि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण किया गया, जिसमें सेलाकुई में धनवंतरी मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया। अग्रिम आदेश आने तक पांच अन्य मेडिकल स्टोरों को एक्सपायरी डेट की दवा व अन्य मानकों को पूरा न करने पर बिक्री के लिए बंद कर दिया गया। निरीक्षण होते देख सेलाकुई के दवा विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। मेडिकल स्टोर धड़ाधड़ बंद होने लगे। सेलाकुई सहसपुर में दर्जनों की संख्या में बिना लाइसेंस बिना मानकों को पूरा किए हुए मेडिकल स्टोर चल रहे हैं। निरीक्षण में मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस, फार्मासिस्ट के रिकॉर्ड, कोल्ड स्टोरेज फैसिलिटी, एक्सपायर दवाइयां तथा उनके निपटारे की प्रक्रिया नारकोटिक्स ड्रग के विषय में जानकारी आदि आवश्यक विषयों पर पूछताछ की गई।


सरस्वती क्लिनिक सेलाकुई के निरीक्षण में फ्रिज में तापमान डिस्प्ले पाया गया। मेडिकल स्टोर में अनेक दवाइयां एक्सपायर पाई गई एवं स्टोर में गंदगी और धूल भी पाई गई। एक्सपायरी दवाइयां की स्टोरेज की व्यवस्था नहीं पाई गई। कैमरा टूटा हुआ एवं बंद अवस्था में मिला। नारकोटिक्स दवाइयो के संबंध में पूछताछ में बताया गया कि मेडिकल स्टोर में नारकोटिक्स दवाइयां नहीं बेची जाती। मेडिकल स्टोर के भीतर ही क्लिनिक भी चलता हुआ पाया गया। इसके दस्तावेज भी एक वर्ष पूर्व एक्सपायर हो चुके थे। उक्त स्टोर पर कार्यवाही करते हुए औषधि निरीक्षक ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा एक्सपायर दवाइयो को जब्त किया गया और उनके क्रय-विक्रय पर रोक लगाते हुए चेतावनी के साथ स्पष्टीकरण के लिए कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए। उक्त मेडिकल स्टोर में अनियमितता को देखते हुए तुरंत बंद करवाया गया। धनवंतरी मेडिकोज सेलाकुई के निरीक्षण में दवाइयां अत्यधिक कम मात्रा में पाई गई। स्टोर में गंदगी और धूल पाई गई। उक्त मेडिकल स्टोर में विशाल पाल द्वारा प्रस्तुत किया गया लाइसेंस भी एक्सपायर पाया गया, निरीक्षण टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए स्टोर को सीज़ गया गया। हेल्थ केयर मेडिकल एजेंसी सेलाकुई के निरीक्षण में वसीम अकरम द्वारा प्रस्तुत किए गए रिटेल का लाइसेंस भी एक्सपायर मिला। बताया गया कि उनके द्वारा दवाइयो का वितरण वर्तमान में होलसेल में बिक्री किया जा रहा है। उक्त स्टोर में अनेक दवाइयां एक्सपायर पाई गई तथा एक्सपायर दवाइयो के रखरखाव की सुविधा भी उपलब्ध नहीं मिली। दवाइयो के बिल भी प्रस्तुत नहीं किए गए। नारकोटिक्स ड्रग्स के रजिस्टर भी नहीं बनाए गए। उक्त स्टोर में अनेक खामियां पाए जाने पर निरीक्षण टीम द्वारा स्टोर के क्रय विक्रय पर रोक लगाने की कार्रवाई की गई और अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। स्टोर को इस समय बंद करवा दिया गया। संजीवनी मेडिकोज सेलाकुई के निरीक्षण में फार्मासिस्ट विशाल सैनी उपस्थित पाए गए। स्टोर में अनेक जगह पर एक्सपायर दवाइयां मिलीं। फ्रिज के अंदर की अधिकतर दवाई भी एक्सपायर मिली। फ्रिज का तापमान भी अनियमित मिला। वेटरिनरी मेडिसिन का स्टॉक उपलब्ध नहीं मिला। क्रय विक्रय का रिकॉर्ड भी उक्त मेडिकल स्टोर द्वारा प्रस्तुत नहीं किया गया। निरीक्षण टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए एक माह के लिए उक्त मेडिकल स्टोर का लाइसेंस सस्पेंड किया गया। संजीवनी मेडिकल सेलाकुई पर बिट्टू सैनी से पूछताछ की गई जिसमे स्टोर में अनेक जगह पर एक्सपायर दवाइयां मिलीं। शुगर डायग्नोस्टिक स्ट्रिप व सर्जिकल ब्लेड भी एक्सपायर मिले। फ्रिज का डिस्प्ले भी खराब पाया गया। निरीक्षण टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए उक्त मेडिकल स्टोरों के क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी गई है