विकासनगर (बिलाल अंसारी) –
बीती 24 जून को पीड़ित हिमांशु नेगी पुत्र स्व0 त्रिलोक सिंह नेगी निवासी शिवा कॉलोनी पांवटा रोड़ हरबर्टपुर ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि 18 जून को समय प्रातः 07:00 बजे वह अपने परिवार के साथ अपने पैतृक गांव महत जनपद अल्मोडा गए। किन्तु 24 जून को समय 00:30 AM पर जब मैं अपने घर हरबर्टपुर उपरोक्त आया तो घर का सारा सामान बिखरा हुआ मिला। घर में रखी ज्वैलरी (सोना चांदी) एवं लगभग 40,000/- रुपये कैश किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया। शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार तत्काल थाना विकासनगर में अज्ञात अभियुक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0 187/2025 धारा-305(a) BNS पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान घटनास्थल व अन्य साक्ष्यों के आधार पर अभियोग में धारा -331(4) BNS की बढोतरी की गई। घटना के अनावरण तथा अभियुक्तो की गिरफ्तारी हेतु एसएसपी देहरादून अजय सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण 2 रेनू लोहानी, क्षेत्राधिकारी विकासनगर भास्कर लाल शाह द्वारा घटना के खुलासे तथा अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु आवश्यक निर्देश दिये गये।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विकासनगर द्वारा घटना के खुलासे हेतु एक टीम गठित की गई। गठित पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर आस-पास तथा आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेजों का बारीकी से अवलोकन करते हुए संदिग्ध के सम्बन्ध में जानकारियां एकत्रित की। साथ ही पूर्व में इस प्रकार की घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्तों की वर्तमान स्थिति का भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस टीम द्वारा किये गये लगातार प्रयासों के परिणाम स्वरूp चैकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर आज 01-जुलाई को समय 01:40 बजे स्थान झाडूवाला चौक के अन्दर बगीचे की ओर विकासनगर क्षेत्र से अभियुक्त स्वतंन्त्र शर्मा, अमित कुशवाह और आकाश विश्वकर्मा को चोरी के माल के साथ उस समय गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की, जब उक्त तीनों अभियुक्तगण चोरी करने की फिराक में निकले थे। यदि इनको नहीं पकड़ा जाता तो यह क्षेत्र में लगातार घटनाओं को अंजाम देने में अग्रसर थे। पुलिस टीम द्वारा कड़ी मेहनत और लगन से पुलिस टैक्टिक्स का सफल उपयोग करते हुए उक्त शातिर अभियुक्त गणों से चोरी की गई लगभग शत प्रतिशत संपति बरामद की गई है। उक्त गिरफ्तार अभियुक्त गणों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम स्वतंन्त्र शर्मा पुत्र अनिल कुमार (उम्र 23 वर्ष) निवासी ग्राम पडपवाह थाना टोडी फतेहपुर जिला झांसी उ0प्र0, अमित कुशवाह पुत्र हर्ष कुशवाह (उम्र 19 वर्ष) निवासी नियर काशीरमा पार्क, बालाजी पुरम काँलोनी थाना कन्टहीपा गंज झांसी उ0प्र0, और आकाश विश्वकर्मा पुत्र संतोष विश्वकर्मा (उम्र 24 वर्ष) निवासी निकट कांरोन्दी माता मन्दिर ,आजादनगर थाना रक्षा जिला झांसी उ0प्र0 हैं।
अभियुक्तों के कब्ज़े से 4500 /- रुपये नकद, 08 जोडी पायल सफेद धातु, 20 जोडी बिछुवे सफेद धातु, 01 मंगल सूत्र पीली धातु, 02 मांग टीके पीली धातु, 01 अंगूठी पीली धातु, 02 मूर्ति सफेद धातु, 08 सिक्के सफेद धातु, 01 सफेद धातु की प्रतिमा, 01 तांवे का सिक्का, 01 कपडों की प्रेस, 01 हार का सेट (कानों के रिंग सहित) और नीलें रंग का लेदर का पर्स बरामद किया गया। बरामद माल की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये है।
तीनों अभियुक्तों से पूछताछ में मुख्य अभियुक स्वतंत शर्मा ने बताया कि यह करीब 2 वर्ष पहले नेटवर्किंग बिजनेस करने हरबर्टपुर में आया था। यहां एक कमरा इसको कंपनी द्वारा दिलवाया गया था। करीब 6 महीने काम करने के बाद कोई बड़ी इनकम न होने के कारण इसने नेटवर्किंग का कार्य छोड़ दिया और सरकारी नौकरी के लिए तैयारी करने लगा। पैसे की दिक्कत होने लगी तो छोटी मोटी चोरी करने लगा। जब इसको चोरी में अच्छा मुनाफा लगा तो इसने अपने साथ पढ़ने वाले आकाश जो कि झांसी में मजदूरी का काम करता था, उसको अपने साथ लेकर अपने परिचित अमित कुशवाह को भी हरबर्टपुर लेकर चोरी के धंधे में शामिल कर लिया। तीनों एक रूम पर रहकर दिन में रेकी करते थे। जिन घरों के ताले लगे होते थे उनको चिन्हित कर लेते थे, और आने जाने के रास्ते इत्यादि की पूरी रेकी कर लेते थे। उसके बाद रात्रि को गैंती और सब्बल लेकर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसकर चोरी कर लेते थे। चोरी के सामान को अपने कमरे में ही रखते थे या एक आदमी को उसको बेचने के लिए झांसी भेज देते थे। हरबर्टपुर में हुई चोरी और धर्मावाला के चोरी के माल को अभी बेचने के लिए नहीं भेजा था, जिसकी इनके द्वारा लगभग शत-प्रतिशत बरामदगी कराई गई है। इनके द्वारा पूछताछ में जनपद के देहात क्षेत्र में अन्य चोरी किया जाना भी स्वीकार किया है, जिनके संबंध में संबंधित थानों से संपर्क कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
