यमुना नदी के टापू मे फंसे ग्यारह लोगों को विकासनगर पुलिस, एस0डी0आर0एफ0 व जल पुलिस ने दी नयी ज़िन्दगी

विकासनगर (बिलाल अंसारी)-
आज सुबह उस समय विकासनगर की यमुना नदी में टापू पर फंस जाने से ग्यारह व्यक्तियों की साँसे अटक गयी, जब अचानक यमुना नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। स्थानीय व्यक्तियों की सूचना पर विकासनगर पुलिस, एस0डी0आर0एफ0 व जल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए यमुना नदी के टापू मे फंसे ग्यारह लोगों को रेस्क्यू कर नया जीवन दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह विकासनगर पुलिस को सुचना मिली थी कि अशोक आश्रम डुमेट के सामने यमुना नदी में एक टापू में कुछ पुरुष तथा महिलाएं फंसे हुए हैं। सूचना मिलने पर चौकी डाकपत्थर पुलिस फोर्स, एसडीआरएफ टीम व जल पुलिस मौके पर पहुंची जिनके द्वारा टापू में फंसे कुल ग्यारह व्यक्तियों सात पुरुष चार महिलाओ को रेस्क्यू किया गया। उक्त सभी व्यक्ति सुबह नदी में गए थे अचानक पानी बढ़ने की वजह से एक टापू पर इकट्ठे हो गए। टापू के चारों तरफ पानी होने की वजह से बाहर नहीं आ पाए।

रेस्क्यू किये गए लोगों में कालीचरण पुत्र ठाकुर, अजीत कुमार पुत्र सतवीर, बिट्टू पुत्र ठाकुर, विक्की पुत्र भोपाल सिंह, अशोक पुत्र राजा, सूर्य पुत्र गामू सिंह, जगबीर पुत्र कलवा, हेमलता पत्नी अजीत, नीरज पत्नी बिट्टू, चंद्रावती पत्नी जगबीर और कल्पना पत्नी कालीचरण हाल निवासी डुमेट कोतवाली विकासनगर जिला देहरादून शामिल हैं।