भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थों के साथ तीन अभियुक्त गिरफ्तार, पांच पेटियों में 125 किलोग्राम डायनामाइट हुआ बरामद

त्यूणी (बिलाल अंसारी) –
एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर दून पुलिस द्वारा चलाये जा रहे सघन चेकिंग अभियान का असर त्यूणी थाना क्षेत्र में देखने को मिला। जहाँ पुलिस को पांच पेटियों में 125 किलोग्राम विस्फोटक पदार्थ डायनामाइट बरामद हुआ है।
वर्तमान में पंचायत चुनाव के दृष्टिगत एसएसपी देहरादून द्वारा सभी थाना प्रभारियों को चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने व किसी भी प्रकार से प्रलोभन देकर मतदान अपने पक्ष में करने जैसी तमाम गतिविधियों पर रोक लगाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसके आलावा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने हेतु भी निर्देशित किया गया है। जिस पर जिला देहरादून में पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 10-जुलाई को त्यूणी पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान एक ऑल्टो कार संख्या HP 09C 9788 को चैक किया गया तो वाहन में 05 पेटी डायनामाइट कुल वजन 125 किलोग्राम बरामद हुआ। वाहन सवार व्यक्तियों से उक्त विस्फोटक पदार्थ को परिवहन करने के संबंध में आवश्यक दस्तावेज मांगे गए तो दिखा नहीं पाए। अवैध विस्फोटक पदार्थ की बरामदगी पर थाना त्यूनी पर मु0अ0सं0 19/2025 धारा 3/7 विस्फोटक अधिनियम 1884 बनाम रिंकू, रोहित, सुनील, दर्ज किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम रिंकू पुत्र पानू राम ग्राम बलंग थाना ठियोग शिमला हिमाचल प्रदेश (उम्र 37 वर्ष), रोहित पुत्र बिशन सिंह ग्राम रोणाहाट थाना सिलाई सिरमौर हिमाचल प्रदेश (उम्र 19 वर्ष) और सुनील पुत्र केवल राम ग्राम सैडोली थाना कोटखाई शिमला हिमाचल प्रदेश (उम्र 38 वर्ष) हैं।

अभियुक्तों के कब्ज़े से पांच पेटी विस्फोटक पदार्थ (डायनामाइट) वजन लगभग 125 कि0 ग्रा0, दो डब्बे टोपी (डेटोनेटर), एक रोल लाल रंग की तार और एक बंडल आसमानी रंग की बत्ती बरामद की गयी।