सेलाकुई (बिलाल अंसारी)–
उत्तराखंड के हरिद्वार को छोड़कर बारह जिलों में होने वाले पंचायत चुनाव की तैयारी जोर-शोर पर चल रही है। प्रत्याशियों द्वारा रैली और जनसंपर्क अभियान चलाकर वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए भरपूर मेहनत कर रहे हैं। और कहीं वोटरों को तरह-तरह के प्रलोभन देकर चुनाव को अपने पक्ष में करने की भरपूर कोशिश की जा रही है।
एसएसपी देहरादून अजय सिंह चुनाव को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को मुस्तैद नजर आ रहे हैं। जिन्होंने देहरादून जिले के सभी थाना प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्र में शराब एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए है। इसी कड़ी में सेलाकुई पुलिस द्वारा शराब तस्करी व नशा तस्करी के विरुद्ध कार्यवाही करने के लिए अलग-अलग जगहो पर चेकिंग की जा रही है, जिसमें आज शराब की बड़ी खेप बरामद करने में कामयाबी मिली है, जोकि लग्जरी गाड़ियों में भरकर लाई जा रही थी। लेकिन सेलाकुई पुलिस ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से लाखों रुपए की शराब बांटने की तैयारी पर पानी फेर दिया है।

आज सेलाकुई पुलिस ने चैकिंग के दौरान कार्यवाही करते हुए लेबर चौक के पास एक काले रंग की स्कार्पियो कार बिना नम्बर प्लेट में दो अभियुक्तों को छह पेटी अंग्रेजी शराब रॉयल स्टैग व्हिस्की (288 पव्वे अंग्रेजी शराब), तथा सेलाकुई स्थित पुरानी पुलिस चौकी के पास से एक अन्य अभियुक्त को सुजुकी ब्रेजा कार सं0: 25 बीएच-2265-जे से कुल 06 पेटी अंग्रेजी शराब रॉयल स्टैग व्हिस्की (288 पव्वे अंग्रेजी शराब) के साथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मेहताब पुत्र फरीदुद्दीन निवासी ग्राम शेरपुर थाना सहसपुर देहरादून (उम्र -36 वर्ष), शौकिन पुत्र शमशाद निवासी ग्राम शेरपुर थाना सहसपुर देहरादून (उम्र -27 वर्ष), राजवीर पुत्र दीपचन्द निवासी सिंहनीवाला थाना सहसपुर देहरादून (उम्र-35 वर्ष), विशाल रावत पुत्र त्रिलोक रावत निवासी हरिपुर, थाना सेलाकुई, देहरादून (उम्र- 39 वर्ष) और शिवम कश्यप पुत्र महेन्द्र कश्यप निवासी तिपरपुर, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून, (उम्र- 27 वर्ष) हैं।
अभियुक्त मेहताब व शौकीन से छह पेटी मे 288 पव्वे रायल स्टैग क्लासिक व्हिस्की, एक काले रंग की स्कार्पियो कार बिना नम्बर प्लेट, अभियुक्त राजवीर से छह पेटी मे 288 पव्वे रायल स्टैग क्लासिक व्हिस्की, सुजुकी ब्रेजा कार सं0: 25 बीएच-2265-जे, अभियुक्त विशाल रावत से दो पेटी मे 24 बोतल रॉयल स्टैग क्लासिक व्हिस्की, पांच पेटी के अंदर (120 अध्धे) रॉयल स्टैग क्लासिक व्हिस्की, तीन पेटी के अंदर 128 पव्वे इम्पीरियल ब्लू हैंड पैक्ड ग्रेन व्हिस्की और कार UK07FT -4881 सुजुकी ब्रेज़्ज़ा,अभियुक्त शिवम कश्यप से दो पेटी 08 PM गोल्ड व्हिस्की एवं स्कूटी UK16E-4881 बरामद की गयी है।
अभियुक्तों के विरुद्ध थाना सेलाकुई पर आबकारी अधिनियम के तहत अलग अलग मुक़दमे दर्ज किये गए। घटना में प्रयुक्त वाहनों को सीज किया गया है।
