उत्तरकाशी के भखवाड़ गांव में ट्रॉली से नदी पार करते समय टौंस नदी में बह गई किशोरी, मचा हड़कंप

उत्तरकाशी (बिलाल अंसारी) –
उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड के भखवाड़ गांव में आज बड़ा हादसा हो गया। यहां ट्रॉली के सहारे टौंस नदी पार कर रही 15 वर्षीय किशोरी अचानक नदी में गिरकर बह गई। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और SDRF व पुलिस की टीमों ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी है।
ग्राम भखवाड़ के निचली शेरा तोक निवासी सबीना पुत्री यासीन अपनी मौसी मेमना के साथ सुबह ट्रॉली से टौंस नदी पार कर रही थी। इसी दौरान ट्रॉली का रस्सा अचानक फंस गया और संतुलन बिगड़ गया। हादसे में सबीना ट्रॉली से नीचे गिर गई और नदी की तेज धारा में बह गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टौंस नदी पर पैदल पुल का निर्माण न होने के कारण ग्रामीण वर्षों से जान जोखिम में डालकर ट्रॉली के सहारे आवाजाही कर रहे हैं। कई बार हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन अब तक पुल बनाने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए।

घटना की जानकारी मिलते ही मोरी पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और नदी में गुमशुदा बच्ची की तलाश शुरू कर दी। खबर लिखे जाने तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और अभी तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द टौंस नदी पर पुल निर्माण की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।