जजरेड के पास सड़क हादसे में गयी स्कूटी सवार की जान, सीडीएस की तैयारी कर रहा था पंजाब का युवक

विकासनगर (बिलाल अंसारी)-
विकासनगर क्षेत्र के जजरेड के पास सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, सहिया की ओर जा रहे दो स्कूटी सवार अचानक पहाड़ से गिरे पत्थरों की चपेट में आ गए। हादसे में स्कूटी चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति बाल-बाल बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही स्कूटी जजरेड के पास पहुंची, ऊपर से अचानक पत्थर गिरने लगे। चालक संभल नहीं पाया और पत्थर सीधे स्कूटी पर आ गिरा। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और मृतक को सड़क किनारे लाया गया।


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान विनय (उम्र 22 वर्ष ) पुत्र बलवीर निवासी जोधेवाला थाना सुन्दर नगर, लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है। घटना जजरेट क्षेत्र में उस समय हुई जब विनय और उसका साथी विनीत स्कूटी से चकराता घूमने जा रहे थे। इस दौरान पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थर से विनय के सिर में गहरी चोट लग गयी। विनय को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल साहिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गयी है।
यह क्षेत्र अक्सर भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं के लिए जाना जाता है, जिससे यहां यात्रा करने वालों को हमेशा खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।