विकासनगर (बिलाल अंसारी):-
पुलिस प्रशासन ने विकासनगर क्षेत्र के ढकरानी इलाके में उत्तराखंड जल विद्युत निगम (यूजेवीएनएल) की भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। उक्त कार्रवाई दो दिनों से लगातार जारी है। जिसमे सैकड़ों की संख्या में अतिक्रमण कर बनाये गए मकानों को ध्वस्त किया गया है। उत्तराखंड जल विद्युत निगम की जमीन पर लोगों द्वारा दुकानों, झोपड़ियों और पक्के-अपक्के मकानों का अवैध निर्माण कर लिया गया है।

कार्रवाई से पहले प्रशासन की ओर से अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए थे और स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए समय भी दिया गया था। बावजूद इसके जब अवैध कब्जे नहीं हटाए गए, तो प्रशासन ने आज संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण को ध्वस्त किया। इस अभियान में उत्तराखंड जल विद्युत निगम और पुलिस प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद रहीं। जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध रूप से बनाई गई दुकानों, टिन शेड, दीवारों और अन्य अस्थायी निर्माणों को हटाया गया। इस दौरान किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि उत्तराखंड जल विद्युत निगम की यह भूमि काफी महत्वपूर्ण है और इसका उपयोग भविष्य में विद्युत परियोजनाओं और जनहित कार्यों के लिए किया जाना है। इसलिए इस भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना बेहद जरूरी था।

कुछ अतिक्रमणकारियों ने कार्रवाई पर नाराजगी जताई, लेकिन प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है। सभी को पहले से सूचना दी गई थी और नियमों के अनुसार उन्हें अपना सामान हटाने का पर्याप्त समय दिया गया था। प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। आम जनता से अपील की गई है कि वे सरकारी संपत्तियों की रक्षा में प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण से दूर रहें।
