सेलाकुई (बिलाल अंसारी) :-
उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से विद्युत विभाग उपखण्ड सेलाकुई द्वारा मदरसा अज़मतुल क़ुरान रामपुर में एक विशेष जनसमस्या निस्तारण शिविर (कैंप) का आयोजन किया। इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय बिजली उपभोक्ताओं ने भाग लिया और अपनी समस्याएं विभाग के समक्ष रखीं, जिनमें से कुछ उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। कुछ उपभोक्ताओं के तीन महीने पूर्व स्मार्ट मीटर लगाए गए थे जिनके अभी तक बिल ना आने से कई उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताई।

शिविर में पहुंचे उपभोक्ताओं की शिकायतें ध्यानपूर्वक सुनी गईं और कई मामलों में मौके पर ही सुधारात्मक कार्रवाई की गई। कुछ उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में की गई गलतियों को तत्काल ठीक किया गया, वहीं जिन मामलों के लिए तकनीकी कार्य जरूरी था, उन्हें विभागीय रजिस्टर में दर्ज कर प्राथमिकता के आधार पर जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया गया।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को समय पर बिजली बिल जमा करने, अवैध कनेक्शन से बचने और बिजली उपकरणों का सही व सुरक्षित तरीके से उपयोग करने के लिए भी जागरूक किया। साथ ही विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न उपभोक्ता कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
विभागीय अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के कैंप भविष्य में भी समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के उपभोक्ताओं तक विभाग की सेवाएं सीधे पहुंच सकें। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की विद्युत समस्या होने पर विभाग के हेल्पलाइन नंबर या नजदीकी कार्यालय में संपर्क करें और अफवाहों से बचें।
