एसजीआरआर इंटर कॉलेज सहसपुर के छात्र इरबाज़ का राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए चयन

सहसपुर (बिलाल अंसारी) :-
एसजीआरआर इंटर कॉलेज सहसपुर के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि विद्यालय के होनहार छात्र इरबाज़ का चयन राज्य स्तरीय क्रिकेट अंडर -14 प्रतियोगिता के लिए किया गया है। जिसमें इरबाज देहरादून की टीम से तेज गेंदबाज के रूप में खेलेगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 26 नवंबर से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून में होगा। इरबाज़ ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट खेल प्रतिभा के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है, जिससे विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। इरबाज़ शुरू से ही क्रिकेट के प्रति समर्पित रहे हैं। वह नियमित रूप से विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहे हैं। उनकी शानदार बल्लेबाजी और बेहतरीन फील्डिंग के चलते उन्हें चयनकर्ताओं की नजरों में स्थान मिला और अब वे जिला अंडर -14 टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य आलोक बिजल्वान ने इरबाज़ की इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह चयन न केवल इरबाज़ के लिए बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। इस मौके पर इरबाज़ के कोच रियासत खान रियाज ने छात्र का मनोबल बढ़ाया व विद्यालय के प्रधानाचार्य आलोक बिजल्वान व स्कूल स्टाफ ने प्रतियोगिता के लिए छात्र को शुभकामनाएं दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। क्षेत्र के खेल प्रेमियों में भी इस खबर से खुशी की लहर है। सभी को उम्मीद है कि इरबाज़ राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर जिले और विद्यालय का नाम और ऊँचा करेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत है और खेल गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया जाता है।