देहरादून पुलिस ने उत्तराखंड सीमा पर दर्रा रेट व कुल्हाल चेकपोस्ट पर चलाया सघन चेकिंग अभियान

विकासनगर (बिलाल अंसारी) :-
हाल ही में दिल्ली में हुई आतंकी घटना के मद्देनजर प्रदेश भर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत कर दिया गया है। इसी क्रम में उत्तराखंड पुलिस द्वारा राज्य की सीमाओं पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उत्तराखंड-हिमाचल और उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश सीमा से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों में स्थित दर्रा रेट एवं कुल्हाल चेकपोस्ट पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि पर पैनी नजर रखना तथा राजधानी क्षेत्र से जुड़े संभावित खतरे को समय रहते रोकना है।
चेकिंग के दौरान वाहनों की गहन तलाशी ली गई। विशेष रूप से बिना नंबर प्लेट, दोषपूर्ण नम्बर प्लेट, अधिक आवाज करने वाले साइलेंसर, काले शीशों वाली गाड़ियों और बिना दस्तावेज चल रहे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई। कई वाहनों के चालान भी मौके पर किए गए।

पुलिस क्षेत्राधिकारी भास्कर लाल शाह ने बताया कि दिल्ली में हुई आतंकी घटना के बाद राज्य की सीमाओं पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। बाहरी राज्यों से आने-जाने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनका विवरण दर्ज किया जा रहा है।
दर्रा रेट और कुल्हाल जैसे प्रमुख प्रवेश मार्गों को संवेदनशील मानते हुए इन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। रात के समय भी सघन पेट्रोलिंग की जा रही है ताकि किसी भी आपराधिक या राष्ट्र विरोधी गतिविधि को रोका जा सके।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि जनता की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे भी सीमावर्ती क्षेत्रों में इसी तरह के सघन चेकिंग अभियान जारी रहेंगे, ताकि प्रदेश में शांति व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या कंट्रोल रूम को सूचना दें। साथ ही किराएदारों एवं बाहरी मजदूरों का सत्यापन कराने की भी अपील की गई है।