प्रेमनगर क्षेत्र में जानलेवा बिना नंबर प्लेट व ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रालियो के विरुद्ध शिव सेना ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन

देहरादून (बिलाल अंसारी) :-
आज 26 नवंबर को शिवसेना जिलाध्यक्ष देहरादून रवि गैरोला के निर्देशानुसार जिला सचिव देहरादून लोकेंद्र पांडे द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह को एक ज्ञापन सौंपा गया। जिसके माध्यम से शिवसेना ने अवगत कराया कि मीठी बेहड़ी परवल मार्ग (काली पुलिया ग्राम उम्मेदपुर) पर विगत काफी समय से बिना नंबर प्लेट की ट्रैक्टर ट्रॉलियां एवं ओवरलोडेड वाहन बिना रोक-टोक के चल रहे हैं। जिसके परिणाम स्वरूप क्षेत्र में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कुछ ही दिन पूर्व इसी प्रकार के ओवरलोडेड ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मारकर एक नवयुवक की जान भी ले ली थी। अभी भी इस प्रकार के जानलेवा वाहन यमराज का रूप धारण कर बिना किसी रोकटोक के दिन रात उक्त मार्ग पर चलते रहते हैं। शिवसेना ने यह भी मांग रखी कि भारी वाहनों को सिर्फ़ रात 10:00 बजे से सुबह 8:00 बजे तक ही इस मार्ग पर प्रवेश की अनुमति दी जाए ।

इस ज्ञापन के माध्यम से शिवसेना ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून से जनहित में यह मांग रखी कि इस क्षेत्र में एक पुलिस चौकी का निर्माण कराया जाए ताकि इस प्रकार की दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं पर अंकुश लग सके एवं इस प्रकार के वाहनों से आम जनता को होने वाली परेशानी से निजात दिलाई जा सके।