सहसपुर (बिलाल अंसारी) :-
पछवादून क्षेत्र में तेज रफ़्तार लोडर व खनन वाहनों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। देर रात शिमला बाइपास के शेरपुर क्षेत्र में एक तेज रफ़्तार एलपी ट्रक अनियंत्रित होकर एक मकान के अंदर जा घुसा। घटना में मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घर की दीवारें तक हिल गईं और बाहर का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सदस्य मकान के अंदर सुरक्षित स्थान पर मौजूद थे, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी।

चिंता की बात यह है कि पिछले एक माह के भीतर यह दूसरी घटना है, जब किसी के घर में लोडर वाहन घुसकर नुकसान पहुँचा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि खनन से जुड़े वाहनों की लगातार तेज रफ़्तार व अवैध संचालन के कारण सड़कें खतरे का जोन बन गई हैं। रोजाना खनन से जुड़े वाहनों से दुर्घटनाएँ हो रही हैं, लेकिन किसी भी स्तर पर ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन व पुलिस से मांग की है कि,रात में भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया जाए। ओवरलोड व तेज रफ़्तार वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाए.दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में बैरिकेडिंग व मॉनिटरिंग बढ़ाई जाए। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि हालात यूँ ही बने रहे तो कभी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।
सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने घटनास्थल पर पहुँचकर प्रभावित परिवार के मकान की क्षतिपूर्ति हेतु संबंधित को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
