सहसपुर (बिलाल अंसारी)-
सहसपुर पुलिस ने आज तीन ऐसे अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है जो कुछ समय पूर्व ही ज़मानत पर जेल से आये थे। गिरफ्तार तीनों अभियुक्त पूर्व में भी चोरी, आर्म्स एक्ट तथा मादक पदार्थाे की तस्करी में जा जेल चुके है। जमानत पर जेल से बाहर आकर फिर से चोरी व नकबज़नी करने लगे थे।
लगभग पंद्रह दिन पूर्व 24 नवंबर को पीड़ित भाग चन्द रमोला पुत्र स्व0 रघुनाथ चन्द रमोला निवासी ग्राम शंकरपुर सहसपुर देहरादून ने कोतवाली सहसपुर पर आकर प्रार्थना पत्र दिया कि अज्ञात चोरो ने उनके घर में घुसकर ज्वैलरी व नगदी चोरी कर ली है। प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली सहसपुर पर तत्काल सम्बन्धित धाराओ में अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष सहसपुर ने पुलिस टीम का गठन किया। गठित टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर घटनास्थल के आसपास आने जाने वालो रास्तो पर लगे सीसीटीवी कैमरो को चैक किया गया तथा घटना के सम्बंध में सुरागरसी करते हुए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। पुलिस द्वारा किये जा रहे प्रयासो से मुखबिर की सूचना पर 09 दिसंबर को पुलिस टीम द्वारा घटना को अजांम देने वाले तीन अभियुक्तों आशिक पुत्र सलीम, रहमान पुत्र लियाकत तथा समीर शाह पुत्र सलीम को घटना में चोरी की गई लगभग पांच लाख रू0 अनुमानित कीमत की ज्वैलरी के साथ सहसपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अभियुक्तो द्वारा बताया गया कि वह तीनों नशे के आदी हैं तथा अपने नशे की पूर्ति के लिए उन्हें पैसों की आवश्यकता थी, जिसके लिए उन्होंने आस पास के क्षेत्र में रेकी करते हुए घर के बाहर ताला लगा देख उसे चिन्हित किया था तथा घर के बगल में स्थित स्कूल की दीवार फांदकर वहां से उक्त घर में प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था।
चोरी किये गए पैसों को अभियुक्तों द्वारा अपने नशे की पूर्ति में खर्च कर दिया तथा चोरी की ज्वैलरी को स्थानीय सुनारों को बेचने का प्रयास किया पर बिल न होने के कारण किसी ने उसे नहीं खरीदा। अभियुक्त चोरी की ज्वैलरी को बाहर ले जाकर बेचने की फिराक में थे लेकिन उससे पहले ही पुलिस द्वारा उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
अभियुक्तों के नाम आशिक पुत्र सलीम निवासी महमूदनगर शंकरपुर कोतवाली सहसपुर देहरादून (उम्र-25 वर्ष), रहमान पुत्र लियाकत निवासी महमूदनगर कोतवाली सहसपुर देहरादून (उम्र-24 वर्ष) और समीर शाह पुत्र सलीम निवासी महमूदनगर शंकरपुर थाना सहसपुर देहरादून (उम्र 20 वर्ष) हैं।
