बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार एवं कत्लेआम के विरुद्ध शिव सैनिकों में आक्रोश

देहरादून (बिलाल अंसारी )-
बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर लगातार हो रहे अत्याचार, हिंसा, लूटपाट, जबरन धर्मांतरण और कथित कत्लेआम की घटनाओं को लेकर शिव सैनिकों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इन घटनाओं के विरोध में आज शिवसेना के देहरादून जिला अध्यक्ष रवि गैरोला के नेतृत्व में पार्टी की देहरादून जिला इकाई के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध दर्ज कराते हुए केंद्र सरकार एवं अंतरराष्ट्रीय समुदाय से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश की वर्तमान अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस का पुतला जलाया साथ ही शिवसैनिकों ने भारत सरकार से यह अपेक्षा की है कि इस संकट के समय मे बांग्लादेश के हिन्दू समुदाय के सदस्यों के जीवन की रक्षा हेतु उनको भारत मे शरण देने के लिये तुरंत आवश्यक कार्यवाही करें ।
शिवसेना जिला अध्यक्ष रवि गैरोला ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय लंबे समय से भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है। आए दिन मंदिरों पर हमले, घरों में आगजनी, महिलाओं के साथ अत्याचार और निर्दोष लोगों की हत्याओं की खबरें सामने आ रही हैं, जो मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन हैं। इसके बावजूद अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस गंभीर मुद्दे को अपेक्षित गंभीरता नहीं मिल रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

प्रेस को संबोधित करते हुए शिवसेना जिला अध्यक्ष रवि गैरोला ने कहा कि बांग्लादेश सरकार की जिम्मेदारी है कि वह अपने देश में रहने वाले सभी नागरिकों, विशेषकर अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। शिव सैनिकों ने यह भी कहा कि भारत हमेशा से ही मानवता, शांति और सह-अस्तित्व के सिद्धांतों का समर्थक रहा है। ऐसे में पड़ोसी देश में हो रहे धार्मिक उत्पीड़न पर चुप रहना भारत की सांस्कृतिक और नैतिक परंपराओं के खिलाफ होगा। उन्होंने भारत सरकार से मांग की है कि वह कूटनीतिक स्तर पर बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाए और वहां के पीड़ित हिंदुओं की सुरक्षा, पुनर्वास एवं न्याय सुनिश्चित कराने के लिए ठोस कदम उठाए।
अंत में शिवसेना ने स्पष्ट किया कि उनका यह विरोध किसी देश या समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि निर्दोष लोगों पर हो रहे अन्याय और अत्याचार के खिलाफ है। शिवसेना मानवाधिकारों, धार्मिक स्वतंत्रता और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के पक्ष में हमेशा आवाज उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी। शिव सैनिकों ने संकल्प लिया कि जब तक बांग्लादेश में हिंदुओं को न्याय और सुरक्षा नहीं मिलती, तब तक वे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे। इस अवसर पर बिट्टू नेगी, लोकेंद्र पांडेय, आजाद गैरोला, दीपक पैन्यूली, अरुण गैरोला, अमन कुमार, सौरभ गैरोला, उज्ज्वल रावत, अंश नेगी, नासिर, कृष्णा यादव, मनीष जोशी एवं अनेकों शिवसैनिक उपस्थित रहे ।