आवश्यक वस्तुओं के दामों पर सरकार की नजर, कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

देहरादून (डॉ बिलाल अंसारी)-
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में जरूरी सामान के दामों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आम जनता को आवश्यक वस्तुएं उचित दरों पर मिलें, यह सरकार की प्राथमिकता है। कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी कर सामान के दाम बढ़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग समेत सभी संबंधित विभागों को बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और उनके दामों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर सामान की कृत्रिम कमी पैदा कर लोगों से अधिक कीमत वसूलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाजार में मांग और आपूर्ति की स्थिति की नियमित समीक्षा की जाए। जरूरत पड़ने पर समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में प्रशासन को नियमित बाजार निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान आवश्यक वस्तुओं के निर्धारित और बाजार में चल रहे दामों के साथ-साथ दुकानदारों के स्टॉक की भी जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने का सीधा असर आम परिवारों के बजट पर पड़ता है। इसलिए मूल्य नियंत्रण की व्यवस्था पारदर्शी और प्रभावी होनी चाहिए। उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने तथा किसी भी तरह की अनियमितता की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे और किसी भी व्यक्ति को कालाबाजारी या मुनाफाखोरी के कारण जरूरत का सामान महंगे दामों पर खरीदने के लिए मजबूर न होना पड़े।