सहसपुर में ‘बुलडोजर एक्शन’ से मचा हड़कंप, अपराधियों के अवैध ठिकाने हुए जमींदोज, ड्रग्स, गौकशी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों पर बड़ी कार्रवाई

सहसपुर (डॉ बिलाल अंसारी)-
कोतवाली सहसपुर क्षेत्र में शनिवार को पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। ग्राम खुशहालपुर और जस्सोवाला में चलाए गए अभियान के दौरान कुल तेरह अवैध भवनों को ध्वस्त किया गया। इनमें आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त दस आरोपियों द्वारा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए अवैध निर्माण भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, चिन्हित किए गए आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी, गौकशी, चोरी, हथियार रखने और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। इनके खिलाफ पूर्व में भी पुलिस द्वारा गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। शनिवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने पहले सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को चिह्नित किया और इसके बाद अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान खुशहालपुर और जस्सोवाला क्षेत्र में जेसीबी की मदद से अवैध भवनों को जमींदोज किया गया।

खुशहालपुर में सात आरोपियों पर कार्रवाई-

ग्राम खुशहालपुर में पुलिस ने आमिर पुत्र दिलबहार, मेहराज पुत्र मुस्तकीम, सलमान पुत्र शमशीर, दिलशाद उर्फ मिर्ची पुत्र शमशीर, मोहसीन पुत्र यामीन, फैजान पुत्र इकराम और कौसर पुत्र नन्हा के अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग समय में एनडीपीएस एक्ट, गौवंश संरक्षण अधिनियम, चोरी, आर्म्स एक्ट, गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज रहे हैं। कुछ आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित मामले भी दर्ज हैं।

जस्सोवाला में तीन आरोपियों के अवैध निर्माण ध्वस्त-

इसी अभियान के तहत ग्राम जस्सोवाला में बिरजू पुत्र गजवा, सूरज पुत्र गजवा और सोहिन पुत्र संजय के अवैध निर्माणों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार बिरजू और सूरज के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सोहिन के खिलाफ चोरी और चोरी का माल रखने से संबंधित मामला दर्ज रहा है। पुलिस का कहना है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। साथ ही आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस-प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कब्जाधारियों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा और आपराधिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।