
सहसपुर (डॉ बिलाल अंसारी) –
कोतवाली सहसपुर पुलिस ने मकान में हुई चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और तीन स्मार्टफोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद सामान की कीमत करीब चार लाख रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर 2026 को आकाश कुमार निवासी महमूदनगर, रामपुर थाना सहसपुर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि रात के समय अज्ञात व्यक्ति उनके घर से सोने-चांदी के आभूषण और स्मार्टफोन चोरी कर ले गया। तहरीर के आधार पर कोतवाली सहसपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस टीम को जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक देहात और क्षेत्राधिकारी सहसपुर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसी आधार पर 18 सितंबर को आशिक (उम्र 27 वर्ष ) पुत्र सलीम, निवासी महमूद नगर, शंकरपुर, थाना सहसपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट/धमकी, चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं से संबंधित मामले शामिल हैं। आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
आरोपी के कब्ज़े से एक पीली धातु का मंगलसूत्र, एक जोड़ी पीली धातु के कानों के टॉप्स, चार जोड़ी सफेद धातु के बिछुए और तीन स्मार्टफोन बरामद हुए।
पुलिस की इस कार्रवाई से घर में हुई चोरी की घटना का तेजी से खुलासा हुआ और पीड़ित का चोरी हुआ सामान भी बरामद कर लिया गया।
