spot_img
spot_img
spot_img

दशहरा मेले में हुड़दंग करना पड़ा भारी, सेलाकुई पुलिस ने दो युवकों को किया गिरफ्तार

सेलाकुई (डॉ बिलाल अंसारी )-
सेलाकुई के निगम रोड पर लगने वाले दशहरा मेले में लड़ाई-झगड़ा और गाली-गलौज कर माहौल खराब करना दो युवकों को भारी पड़ गया। थाना सेलाकुई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को थाना सेलाकुई क्षेत्र के बावन बीघा मैदान में दशहरा पर्व के अवसर पर रावण दहन कार्यक्रम और मेले का आयोजन किया गया था। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि कुछ युवक आपस में लड़ाई-झगड़ा और गाली-गलौज कर रहे हैं, जिससे मेले का माहौल खराब हो रहा है। सूचना मिलते ही थाना सेलाकुई पुलिस मौके पर पहुंची। वहां दो युवक आपस में झगड़ते हुए मिले। पुलिसकर्मियों ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और एक-दूसरे से मारपीट करने पर उतारू हो गए। स्थिति बिगड़ने और शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोनों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत हिरासत में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक, समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती तो कोई गंभीर घटना हो सकती थी। दोनों आरोपियों को नियमानुसार परगना मजिस्ट्रेट, विकासनगर के न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तार युवकों में निखिल कठैत (उम्र 20 वर्ष) पुत्र पूरन सिंह कठैत, निवासी ग्राम सांकरी, टिहरी गढ़वाल। वर्तमान पता मधु विहार, सेलाकुई, देहरादून और आशीष कुमार (उम्र 18 वर्ष) पुत्र राम रईस सिंह, निवासी लालपुर, थाना जहानाबाद, पीलीभीत, उत्तर प्रदेश। वर्तमान पता निगम रोड, सेलाकुई, देहरादून हैं।
सेलाकुई पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मेले और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार के लड़ाई-झगड़े या हुड़दंग से बचें।

spot_img
spot_img