spot_img
spot_img
spot_img

बदरीनाथ धाम से सहस्त्रधारा लौट रहा था ट्रांस भारत कंपनी का हेलीकॉप्टर, पांच यात्री और पायलट की गई जान

देहरादून/चमोली (डॉ बिलाल अंसारी)-
उत्तराखंड के चमोली जिले में हाथी पर्वत क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में छहों सवारों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे का शिकार हुआ हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत कंपनी का सिविल हेलीकॉप्टर था, जो श्री बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड की ओर लौट रहा था। हेलीकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी चमोली को हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सेना की सिग्नल सेंटर टीम ने हाथी पर्वत क्षेत्र में हेलीकॉप्टर से धुआं उठते और उसे तेजी से नीचे की ओर जाते हुए देखा था। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाने और सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री स्वयं पूरे अभियान की निगरानी करते रहे।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF, सेना, ITBP, NDRF, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। यूकाडा के रेकी और रिट्रीवर हेलीकॉप्टरों के माध्यम से भी हवाई सर्वेक्षण कराया गया। सहस्त्रधारा से SDRF की अतिरिक्त टीम भी बचाव अभियान के लिए भेजी गई।

वहीं, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने भी अधिकारियों से घटना की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, गृह सचिव शैलेश बगौली और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ लगातार घटनाक्रम पर नजर बनाए रहे।

हादसे के बाद श्रीनगर बेस अस्पताल, एम्स ऋषिकेश और संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों को हाई अलर्ट पर रखा गया था। प्रशासन और बचाव एजेंसियों ने आपसी समन्वय से अभियान चलाया।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर उत्तराखंड के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में हवाई यात्रा की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छह लोगों की मौत से शोक की लहर है।
हेलीकॉप्टर हादसे में मृतक सभी छह सवारों के नाम –
कैप्टन हिमांशु सभरवाल, उम्र 48 वर्ष, निवासी दिल्ली
प्रतापा, उम्र 41 वर्ष, (पुरुष) निवासी कर्नाटक
अरुण सालुंके, उम्र 44 वर्ष, (पुरुष) निवासी कर्नाटक
वी.बी. शंकर गौड़ा, उम्र 39 वर्ष, (पुरुष) निवासी कर्नाटक
सुधीर के., उम्र 50 वर्ष, (पुरुष) निवासी कर्नाटक
एच.एस. नटराजा, उम्र 51 वर्ष, (पुरुष) निवासी कर्नाटक बताये जा रहे हैं …..

spot_img
spot_img