spot_img
spot_img
spot_img

सेलाकुई में कबाड़ के गोदाम में भीषण आग से मची अफरा-तफरी, पुलिस और दमकल विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

बड़ा सवाल – संवेदनशील औद्योगिक क्षेत्र में आखिर प्रदूषण नियंत्रण विभाग की एनओसी कैसे मिल जाती है?

सेलाकुई (डॉ बिलाल अंसारी)-


सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में कबाड़ के एक गोदाम में अचानक आग लगने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों, सेलाकुई पुलिस व आसपास की कंपनियों में कार्य कर रहे कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया।

आग लगने की घटना ने एक बार फिर सेलाकुई व सहसपुर क्षेत्रों में संचालित कबाड़ के गोदामों की सुरक्षा व्यवस्था और विभागीय निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण सेलाकुई में बड़ी संख्या में फैक्ट्रियां, प्रतिष्ठान और श्रमिक आबादी मौजूद है। ऐसे संवेदनशील इलाके में कबाड़ के गोदामों का संचालन किस तरह की सुरक्षा व्यवस्था के तहत किया जा रहा है, यह जांच का विषय है।

कबाड़ के गोदामों में प्लास्टिक, रबर, फोम, लकड़ी, कागज और अन्य ज्वलनशील सामग्री जमा रहती है। ऐसी सामग्री में आग लगने पर उसके तेजी से फैलने के साथ ही जहरीला धुआं निकलने का खतरा भी बना रहता है। इसका सीधा असर आसपास रहने वाले लोगों, औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले श्रमिकों और पर्यावरण पर पड़ सकता है। ऐसे में इन गोदामों में अग्निशमन उपकरण, पर्याप्त पानी, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था और आपातकालीन निकासी के इंतजाम होना बेहद जरूरी है।

सबसे बड़ा सवाल प्रदूषण नियंत्रण विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहा है। आखिर ऐसे संवेदनशील और घनी आबादी वाले औद्योगिक क्षेत्रों में कबाड़ के गोदामों को किन मानकों के आधार पर संचालन की अनुमति और अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दिया जाता है? क्या एनओसी जारी करने से पहले संबंधित स्थल का भौतिक निरीक्षण किया जाता है? क्या गोदामों में रखी जाने वाली ज्वलनशील सामग्री और उससे होने वाले संभावित प्रदूषण एवं आग के खतरे का आकलन किया जाता है?

इसके साथ ही अग्निशमन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण विभाग और स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी भी सवालों के घेरे में है। क्या इन गोदामों का समय-समय पर निरीक्षण किया जाता है? क्या सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले संचालकों के खिलाफ कोई कार्रवाई होती है? यदि नियमित जांच होती है तो ऐसी घटनाएं रोकने के लिए प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं?

स्थानीय लोगों का मानना है कि केवल आग लगने के बाद कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है। प्रशासन को क्षेत्र में संचालित सभी कबाड़ गोदामों की जांच करानी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी प्रतिष्ठान का संचालन सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर न हो। अब जरूरत है कि संबंधित विभाग इस घटना को गंभीरता से लेते हुए गोदाम के संचालन से जुड़े दस्तावेजों, एनओसी, अग्नि सुरक्षा इंतजामों और पर्यावरणीय मानकों की निष्पक्ष जांच कराएं। यदि कहीं नियमों की अनदेखी या लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

बड़ा सवाल यही है कि क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं? आखिर सेलाकुई जैसे संवेदनशील औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर कब जवाबदेही तय होगी?
इस खबर का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि औद्योगिक क्षेत्र में संचालित ऐसे गोदामों की अनुमति, सुरक्षा व्यवस्था और विभागीय निगरानी की जवाबदेही आखिर किसकी है। और इस प्रकार के प्रतिष्ठानों को संचालित करने का अनापत्ति प्रमाण-पत्र किस आधार पर जारी किया जाता है ?

spot_img
spot_img