विकासनगर : बदमाशों की धरपकड में जी जान से जुटी देहरादून पुलिस को आज एक और सफलता हाथ लगी है। जिसमें भोले-भाले लोगों के एटीएम बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्य पुलिस के चंगुल में फंस गए हैं। जो एटीएम में पैसे निकालने वाले लोगों की मदद के नाम पर एटीएम बदलकर उनसे पैसे निकाल लेते थे। जिनसे 12 एटीएम कार्ड व पैंतीस हजार (35,000/-)रूपए नगद बरामद कर लिए हैं। अभियुक्तों को उनके ठिकाने यानी जेल भेज दिया है।
मामला थाना कोतवाली विकासनगर से सामने आया है, जिसमें 14 दिसंबर को राजेंद्र प्रसाद पुत्र वाचस्पति भट्ट निवासी वार्ड नंबर 9, गुरुद्वारा वाली गली, सहारनपुर रोड, हरबर्टपुर ने चौकी हरबर्टपुर थाना विकासनगर देहरादून पर आकर एक तहरीर दी। जिसमें बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा धोखाधड़ी करके पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम बदलकर उनके खाते से एक लाख दस हजार (1,10,000/-) रुपए निकाल लिए हैं।
दूसरा मामला 14 दिसंबर को ही सदीकन पत्नी रशीद अहमद निवासी मेहरू वाला, पोस्ट भगानी, तहसील पौंटा साहिब, जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश ने भी तहरीर दी कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनका एटीएम कार्ड बदल कर धोखाधड़ी से एक लाख तीस हजार (1,30,000/-) रुपए निकाल लिए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विकासनगर पुलिस ने धारा 420 के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज किये। मुकदमों की विवेचना उपनिरीक्षक विवेक भंडारी व उपनिरीक्षक आदित्य सैनी को सौंपी गई।
एसएसपी देहरादून अजय सिंह द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी विकासनगर भास्कर लाल शाह के निर्देशन में पुलिस टीम गठित करके क्षेत्र में रवाना की गई टीम द्वारा मुखबिर तंत्र की सहायता ली गई। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी चेक किया गया। फलस्वरुप दो अभियुक्त पप्पू कुमार पुत्र चतुर सिंह व शिव पुत्र राजेश कुमार को फार्म हाउस हरबर्टपुर रोड विकासनगर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना नाम पप्पू कुमार (उम्र 40 वर्ष) पुत्र चतुर सिंह निवासी ग्राम उरली मतौली, पोस्ट केंदुकी, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर बताया एवं दूसरे अभियुक्त शिवा (उम्र 28 वर्ष) पुत्र राजेश कुमार निवासी ग्राम फेरूपुर, रामखेड़ा, थाना पथरी, जिला हरिद्वार बताया। अपराधियों ने पूछताछ में यह भी बताया कि हम बेरोजगार हैं तथा आर्थिक तंगी व अधिक खर्च होने के कारण हम बुजुर्ग लोगों व महिलाओं को एटीएम के बाहर खड़े होकर अपने झांसे में लेते हैं और उनके एटीएम का पिन लेकर एटीएम को बदल देते हैं। बुजुर्ग व अनपढ़ लोग झांसे में जल्दी आ जाते हैं।
अभियुक्त शिव के पास से घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की प्लैटिना बाइक वह 12 एटीएम कार्ड के साथ ही 35000 रुपए भी बरामद किए हैं।
अभियुक्तो को पकड़ने वाली पुलिस टीम में सूर्य भूषण नेगी प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विकासनगर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजीत कुमार, उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह गुसाई चौकी प्रभारी डाकपत्थर, उप निरीक्षक विवेक भंडारी, कांस्टेबल शकल चंद रमोला, कांस्टेबल इक़रार अंसारी व कांस्टेबल जगमोहन मुख्य रूप से शामिल रहे।
