पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आकर पिक अप वाहन खाई में गिरा, रोहड़ू से सेब लेकर आ रहा था वाहन, दो घायल

कालसी ( बिलाल अंसारी)-
बारिश और भूस्खलन के चलते पहाड़ी सड़कों पर बढ़ते खतरे की एक और दर्दनाक तस्वीर सामने आयी है। विकासनगर तहसील के हरिपुर कोटी इच्छाड़ी-मीनस मोटर मार्ग पर उस समय हड़कंप मच गया जब सेब से लदा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में दो लोग सवार थे। दोनों उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के मिर्जापुर कस्बे के रहने वाले हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कालसी पुलिस को सिटी कंट्रोल रूम देहरादून से सूचना मिली कि हरिपुर से कोटी के बीच में मयार खड के पास एक गाड़ी खाई में गिर गई है। सूचना पर थाना कालसी से पुलिस फोर्स को मौके पर आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के घटनास्थल हेतु रवाना किया गया। घटनास्थल पर एक वाहन पिक अप संख्या UP 11 DT 6026 जो रोहड़ू से सेब लेकर सहारनपुर की तरफ जा रहा था, अचानक पहाड़ी से पत्थर आने के कारण असंतुलित होकर लगभग 30 मीटर नीचे खाई में गिर गया। वाहन में दो लोग सवार थे जो घायल अवस्था में पड़े हुए थे। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से उपचार हेतु सरकारी अस्पताल विकास नगर भिजवाया गया जहां से घायल शाबरेज़ को चिकित्सकों द्वारा हायर सेंटर रेफर किया गया व वरुण का उपचार सरकारी अस्पताल विकास नगर में चल रहा है।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अगर वाहन कुछ और मीटर नीचे गिरता तो वह सीधे टौंस नदी में समा जाता। खाई में सेब के बॉक्स बिखरे पड़े मिले। यह सौभाग्य ही कहा जाएगा कि समय पर मदद पहुंची और दोनों घायलों की जान बचाई जा सकी।

इन दिनों उत्तराखंड और हिमाचल के पर्वतीय क्षेत्रों में सेब की ढुलाई का काम चरम पर है। रोजाना सैकड़ों की संख्या में पिकअप और ट्रक यूपी, हरियाणा, दिल्ली और देहरादून की मंडियों की ओर रवाना हो रहे हैं। लेकिन बारिश और भूस्खलन के कारण सड़कों की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। इसके बावजूद वाहन चालक जान जोखिम में डालकर पहाड़ी सड़कों से गुजरने को मजबूर हैं, क्योंकि समय पर सेब मंडियों तक पहुंचाना जरूरी होता है।