पछवादून में बढ़ती दुर्घटनाओं पर एसपी ग्रामीण रेनू लोहानी हुई सख्त
प्रेशर हॉर्न, ओवर स्पीड, रैश ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
सहसपुर (बिलाल अंसारी) :
पछवादून में सड़क हादसो में कमी आने का नाम नहीं ले रही है। थाना सहसपुर क्षेत्रान्तर्गत खुशहालपुर पेट्रोल पंप के सामने गुरुवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक बाइक सवार पेट्रोल पंप से तेल भरवाकर जैसे ही हाईवे पर निकला, अचानक एक बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयंकर था कि बाइक पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सहायता से घायलों को तुरंत पास में स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहाँ से महिला और एक युवक को दून अस्पताल रेफर कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दरमियां पुत्र बच्चन सिंह और उनकी पत्नी विनीता निवासी कामदा पोखरी उत्तरकाशी और एक युवक सुरेंद्र सिंह पुत्र गंजी राम निवासी मोरी उत्तरकाशी मोटरसाइकिल से उत्तरकाशी की तरफ जा रहे थे। खुशहालपुर के पास हरबर्टपुर की ओर से देहरादून की ओर जा रही तेज रफ्तार बस ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक सुरेंद्र सिंह और विनीता को गंभीर चोट आने पर दून अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। बस चालक बस को दुर्घटना स्थल पर छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस द्वारा बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।
पछवादून में पिछले 23 दिनों में विकासनगर, सहसपुर, सेलाकुई आदि में 17 हादसे हो चुके हैं। जिनमें सात से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 40 के लगभग लोग घायल हो गए हैं। दो दिन पूर्व सेलाकुई में एक तेज रफ्तार कार ने 10 स्कूली बच्चों को टक्कर मार दी थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पछवादून में लगातार कई हादसे हो चुके हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में रोष है। ट्रैफिक नियंत्रण की मांग भी ज़ोर पकड़ने लगी है।
