मसूरी (बिलाल अंसारी) : देहरादून के मसूरी मार्ग पर आज एक और सड़क हादसा हो गया है। मसूरी-देहरादून मार्ग पर गजी बैंड के पास सुबह के समय एक ट्रक खाई में जा गिरा। ट्रक में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से ट्रक चालक और दो अन्य व्यक्तियों को खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से उप जिला चिकित्सालय भेजा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि सीमेंट के बोरों से भरा ट्रक मोड़ पर अनियंत्रित हो गया। सड़क किनारे पैराफिट को तोड़ते हुए ट्रक खाई में जा गिरा। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या (यूके 17 सीए 4014) दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। हादसे के समय ट्रक में चालक सहित तीन लोग सवार थे। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से उप जिला चिकित्सालय मसूरी भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने बताया की चालक मोहम्मद दानिश (उम्र 26 वर्ष) पुत्र मोहम्मद शरीफ, निवासी हरिजन कॉलोनी, छुटमलपुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), राजेश (उम्र 45 वर्ष), निवासी ग्राम भराटी, पोस्ट ऑफिस भराटी, थाना सिमर, जिला दरभंगा, बिहार, वर्तमान में सब्जी मंडी, निरंजनपुर, पटेल नगर है। इनके आलावा विनय यादव (उम्र 40 वर्ष) नत्थनी यादव, निवासी लोहिया नगर, ब्रह्मपुरी, सब्जी मंडी, निरंजनपुर, पटेल नगर घायल हो गए।
यहां की सड़कें घुमावदार होने के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में अधिक हादसे होते हैं। कई बार मैदानी इलाकों के ड्राइवर जो यहां वाहन चलाने के अभ्यस्त नहीं होते, वो भी हादसों का कारण बनते हैं। इसके अलावा लगातार वाहन चलाने से थकान के कारण ड्राइवर को झपकी आना भी हादसों का कारण है। शराब पीकर वाहन चलाना सड़क हादसों का एक बड़ा कारण है। गाड़ी में तेज आवाज में गाने बजाने से दूसरी तरफ से आ रहे वाहन के हॉर्न का पता नहीं चलता, जो हादसे कई बार हादसे का कारण बनता है। पहाड़ी रास्तो में अप्रशिक्षित ड्राइवर भी हादसों का शिकार हो जाते हैं।
