कार व बाइक की आमने-सामने की भिडंत मे बाइक सवार एक युवक की मौत, दूसरा घायल

देहरादून (प्रेम नगर) : देहरादून में होने वाले हादसों की लिस्ट में आज एक और हादसा जुड़ गया है जिसमें आईएमए के मुख्य गेट के पास प्रेमनगर की ओर से आती एक कार जिसका नम्बर UK07-BX-5327 तथा देहरादून से आती एक मोटर साइकिल न0 UK08-AG-0953 के बीच जोरदार टक्कर हो गई। जिससे दोनो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये तथा मोटर साइकिल चालक युवक मोहित पुत्र सुखपाल निवासी ग्राम व पोस्ट मोरा, थाना बडगांव, जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश (उम्र 31 वर्ष) गम्भीर रूप से घायल हो गया। जिसे प्राथमिक उपचार हेतु तत्काल प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। अन्य घायल बाइक सवार मोनू पुत्र सलेक चंद्र (उम्र 28 वर्ष) निवासी जडोदा पांडा, थाना बड़गांव, जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश को प्रेमनगर अस्पताल के चिकित्सको द्वारा दून हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया, जहां युवक उपचाराधीन है। घटना की सूचना पर दोनो युवकों के परिजन हॉस्पिटल पहुंचे। मृतक मोहित का पंचायत नामा भर कर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है। कार सवार तीनों व्यक्तियों को मामूली खरोंचे आई है। दुर्घटना ग्रस्त वाहनों को पुलिस कब्जे में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।