शिक्षक दिवस के मौके पर अक्षांश फाउंडेशन ने शिक्षकों को ‘उत्तराखंड इंस्पायर अवार्ड-2026’ से किया सम्मानित, समाज और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षकों का बढ़ाया सम्मान

सेलाकुई (डॉ बिलाल अंसारी)-
शिक्षक दिवस के अवसर पर अक्षांश फाउंडेशन उत्तराखंड की ओर से समाज और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को उत्तराखंड इंस्पायर अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। फाउंडेशन की ओर से आयोजित सम्मान कार्यक्रम में शिक्षकों को प्रमाण पत्र देकर उनके कार्यों की सराहना की गई।

अक्षांश फाउंडेशन के निदेशक “रियासत खान ‘रियाज’” ने बताया कि फाउंडेशन की ओर से प्रत्येक वर्ष शिक्षक दिवस के अवसर पर ऐसे शिक्षकों को सम्मानित किया जाता है, जो शिक्षा के साथ-साथ समाज के विकास में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल बच्चों को पढ़ाने का कार्य नहीं करते, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके बेहतर भविष्य की नींव भी तैयार करते हैं।

इसी क्रम में सम्मान अभियान के प्रथम चरण में देहरादून जिले के प्रवीण कुमार, फिरोज खान, किरण गडोई, पल्लवी कुमारी और अंबर सलीम को ‘उत्तराखंड इंस्पायर अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही टिहरी गढ़वाल जिले के राजकीय इंटर कॉलेज न्यूली की अर्थशास्त्र प्रवक्ता बवीता को भी उनके शैक्षणिक योगदान के लिए प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

फाउंडेशन के निदेशक रियासत खान ‘रियाज’ ने कहा कि समाज को बेहतर दिशा देने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। शिक्षक विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित करते हैं। ऐसे शिक्षकों का सम्मान करने से उनका उत्साह बढ़ता है और अन्य शिक्षकों को भी समाज के लिए बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

इस अवसर पर अक्षांश फाउंडेशन के पदाधिकारी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षक दिवस की भावना के अनुरूप शिक्षा, शिक्षक सम्मान और समाज के प्रति जिम्मेदारी को लेकर सकारात्मक संदेश दिया गया।