सेलाकुई (बिलाल अंसारी) :-
गंगा दर्शन पब्लिक स्कूल शंकरपुर के छात्र आर्यन का उत्तराखंड बोर्ड विद्यालयी खेल के राज्य स्तरीय अंडर -19 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। जिसमें आर्यन देहरादून की टीम से मिडिल ऑर्डर बैट्समैन के रूप में खेलेगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 18 नवंबर से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर देहरादून में होगा।
आर्यन की इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार और स्कूल का मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे क्षेत्र में उत्साह और खुशी की लहर भी है। आर्यन लंबे समय से क्रिकेट के प्रति समर्पित रहे हैं। अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी तकनीक, संयमित खेल शैली और तेज तर्रार फील्डिंग के कारण वे लगातार चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित करते रहे। क्रिकेट में उनके शानदार प्रदर्शन और लगातार बेहतर होती फॉर्म ने उन्हें राज्य टीम में जगह दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आर्यन इसी अनुशासन और मेहनत के साथ खेलते रहे तो आने वाले समय में वे राष्ट्रीय स्तर पर भी चमक सकते हैं।

रियासत खान रियाज ने बताया कि आर्यन बचपन से ही क्रिकेट के प्रति बेहद जुनूनी रहे हैं। नियमित अभ्यास, फिटनेस पर विशेष ध्यान और हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की उनकी आदत उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है। हाल ही में आयोजित चयन ट्रायल्स में आर्यन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए चयन समिति को विशेष रूप से प्रभावित किया। उनकी तकनीकी मजबूत पकड़ और दबाव में शांत रहकर रन बनाने की क्षमता के कारण उन्होंने आज यह मक़ाम हासिल किया है।
आर्यन का यह चयन सहसपुर क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। यह उपलब्धि न केवल अन्य खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी, बल्कि खेलों में बढ़ते अवसरों और युवाओं की प्रतिभा को पहचानने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित होगी। खेल प्रेमियों और स्थानीय निवासियों के आलावा विद्यालय के डायरेक्टर अनुराग रावत एवं प्रधानाचार्या संगीता रावत ने आर्यन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
