spot_img
spot_img
spot_img

रानीपोखरी – नरेंद्रनगर मार्ग पर खाई में गिरी कार, व्यापारी सहित दो की मौत

ऋषिकेश : ऋषिकेश के रानी पोखरी से एक दुखद हादसे की खबर आ रही है। बीती रात रानीपोखरी से नरेंद्र नगर जाने वाले बाईपास रोड पर रात्रि में एक कार गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में बुधवार रात को सर्च ऑपरेशन चलाया गया। एसडीआरएफ की त्वरित कार्यवाही से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन घायलों ने दम तोड़ दिया। इस हादसे में डोईवाला के निवासी दो व्यक्तियों की मौत हो गई है। हादसे की खबर सुनकर परिवार वालों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार रात्रि करीब 7:00 बजे नरेंद्र नगर से बाईपास मार्ग पर एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम को नरेंद्र नगर से करीब चार किलोमीटर आगे सड़क से वाहन के खाई में गिरने के निशान मिले।
एसडीआरएफ की टीम ने खाई में उतरकर सर्चिंग अभियान शुरू किया, जहां एक व्यक्ति गंभीर अवस्था में बाहर निकाला गया। जिसकी पहचान सुशील रावत (68 वर्ष) निवासी भानियावाला डोईवाला के रूप में की गई। देर रात उसे हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान सुशील रावत ने दम तोड़ दिया।

एसडीआरएफ ने देर रात तक खाई में बचाव व तलाशी अभियान चलाया मगर, वाहन का कुछ पता नहीं चल पाया। इसके बाद गुरुवार की सुबह फिर से यहां सर्चिंग अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम झाड़ियों में फांसी सेलेरियो कार तक पहुंच पाई।
कार में एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला, जिसकी पहचान संजय बजाज (56 वर्ष) पुत्र स्व. तिलक राज बजाज निवासी डोईवाला के रूप में की गई। दुर्घटनाग्रस्त कार में कानपुर निवासी राजेंद्र कुशवाहा नाम के एक अन्य व्यक्ति के कागजात मिले, जिससे यह आशंका जताई जा रही थी कि संभवत: वह भी इस कार में सवार रहा हो।
पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया था सर्च ऑपरेशन
पुलिस व एसडीआरएफ ने फिर से खाई में सर्चिंग शुरू की। इसी बीच पता चला कि राजेंद्र कुशवाहा कानपुर में सकुशल है और वह इस कार में सवार नहीं थे। एसडीआरएफ के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सजवाण ने बताया कि खाई से मृत अवस्था में मिले संजय बजाज के शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीदेव सुमन राजकीय चिकित्सालय नरेंद्र नगर भेज दिया गया है।
मृतक संजय बजाज के भाई मनदीप बजाज ने बताया कि उनका भाई संजय बजाज बुधवार की सुबह 11:00 बजे घर से निकला था। संभावित नरेंद्र नगर से देर सायं घर लौटते समय उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। संजय बजाज डोईवाला में साइकिल स्टोर का संचालन करते थे। वह लायंस क्लब के भी सदस्य रहे हैं। वहीं मृतक सुशील रावत डोईवाला चीनी मिल से सेवानिवृत्त हैं, जो वर्तमान में जीवन बीमा का काम देखते थे। दुर्घटना की सूचना से क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

spot_img
spot_img