मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं को दिलाई ‘नशा मुक्त देवभूमि’ की शपथ

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के गांधी पार्क में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन-2025’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। नशे के खिलाफ हुए इस कार्यक्रम में कई स्कूलों के छात्र शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम में युवाओं व बच्चों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार द्वारा नशा तस्करों पर लगातार सख़्त कार्रवाई की जा रही है। इस वर्ष अब तक 600 से अधिक मामले दर्ज हो चुके हैं जिसमें 750 से अधिक आरोपी गिरफ़्तार हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा कारोबार से जुड़े लोग ना सिर्फ़ क़ानून बल्कि समाज के भी दुश्मन हैं। ऐसे लोगों पर जितनी सख़्ती की जाये उतनी करनी चाहिए। उत्तराखंड सरकार ने वर्ष 2025 तक ड्रग्स फ्री देवभूमि बनाने का संकल्प लिया है। इस अभियान को जन-जन से जोड़ना होगा। तभी हम इस अभियान की सफलता की ओर बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री ने ड्रग्स फ्री देवभूमि के संकल्प के साथ कार्य कर रही संस्था और संस्था के सदस्यों का धन्यवाद किया।
मुख्यमंत्री धामी ने बच्चों व युवाओं से कहा कि नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करना आज के समय में जरूरी हो गया है। क्योंकि नशा न केवल उसे व्यक्ति के परिवार को खत्म करता है, बल्कि समाज को भी खोखला करता है। मुख्यमंत्री ने महिलाओं को भी नशे की रोकथाम में सहयोग देने को प्रेरित किया है