सेलाकुई (डॉ बिलाल अंसारी)-
सेलाकुई थाना क्षेत्र के भाऊवाला में क्लीनिक के गल्ले से नकदी चोरी करने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला की झोपड़ी से चोरी के 56 हजार रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, प्रभात एन्क्लेव भाऊवाला स्थित ठाकुर क्लीनिक के संचालक राजेश्वर सिंह निराला ने 16 अक्टूबर 2026 को थाना सेलाकुई में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि क्लीनिक में झाड़ू-पोंछा करने वाली विभा देवी ने गल्ले से रुपये चोरी कर लिए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। घटना का खुलासा करने के लिए थाना सेलाकुई पुलिस की टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 27 अक्टूबर को आरोपी विभा देवी की निशानदेही पर तिलवाड़ी पुल के पास स्थित उसकी झोपड़ी से चोरी के 56 हजार रुपये बरामद किए। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार महिला की पहचान विभा देवी (45 वर्ष), निवासी जिला मुजफ्फरपुर, बिहार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में सेलाकुई के तिलवाड़ी पुल के पास झुग्गी में रह रही थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। थाना सेलाकुई पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




