सेलाकुई में यातायात जाम होने से लोग परेशान, भीषण गर्मी ने बढ़ाई मुश्किलें, घंटों तक जाम में फंसे रहे राहगीर

सेलाकुई (बिलाल अंसारी)-
औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई में इन दिनों लगातार लग रहे यातायात जाम के कारण स्थानीय लोगों, यात्रियों और औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आज शाम 4:00 बजे से मुख्य सड़क पर लंबा जाम लगने से वाहनों की कतारें कई किलोमीटर तक दिखाई दीं। जाम के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी कठिनाई हुई। भीषण गर्मी के बीच सड़क पर फंसे लोगों की परेशानी और अधिक बढ़ गई। घंटों तक जाम में खड़े रहने के कारण वाहन चालकों, फैक्ट्री कर्मचारियों, महिलाओं और बुजुर्गों को कठिनाइयो का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां बड़ी संख्या में ट्रक, कंटेनर और अन्य भारी वाहन आते-जाते हैं। सड़क की सीमित क्षमता और बढ़ते यातायात दबाव के चलते अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। सुबह और शाम के समय समस्या और गंभीर हो जाती है, जब कर्मचारी फैक्ट्रियों में आने-जाने के लिए बड़ी संख्या में सड़क पर निकलते हैं। प्राइवेट बसों, ई रिक्शा और थ्री व्हीलर आदि वाहनों के चालक बीच सड़क पर यात्रियों को उतारते व बैठाते हैं। जिससे यातायात प्रभावित होता है।
यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। लोगों का कहना है कि जाम के कारण न केवल समय की बर्बादी होती है, बल्कि ईंधन की खपत भी बढ़ती है और प्रदूषण में भी इजाफा होता है। कई बार एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे मरीज़ो के लिए गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

स्थानीय नागरिकों ने मुख्य मार्गों पर यातायात पुलिस की संख्या बढ़ाने, भारी वाहनों के आवागमन के लिए निर्धारित समय तय करने तथा वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में समस्या और विकराल रूप ले सकती है।