जिलाधिकारी सोनिका ने की अनुपयोगी गर्म कपड़े गरीबों तक पहुंचाने की अपील

देहरादून। जिलाधिकारी सोनिका ने एक अच्छी पहल की शुरूआत की है। जिसके तहत जिला प्रशासन इस वर्ष भी जरूरतमंद लोगों के लिए गर्म कपड़े एकत्रित करने जा रहा है। देहरादून वासी अपने अनुपयोगी गर्म कपड़े प्रशासन को दे सकते हैं, ताकि सर्दी के इस मौसम में जरूरतमंद लोगों तक उन्हें पहुंचाया जा सके। डीएम सोनिका ने बढ़ती सर्दियों के कारण कई लोगो को गर्म कपड़ों के अभाव में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जिसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने इस वर्ष भी एक कदम बढ़ाया है। जिसे आमजन के सहयोग से पूरा किया जाना है।
उन्होंने जनपद वासियों से अपील की है कि अपने अनुपयोगी गर्म कपड़े जरूरतमंद लोगों को भेंट करें। कहा कि लोग गर्म कपड़े देने के लिए 18001802525 नंबर पर संपर्क कर अपना पता बताएं, ताकि टीम आप तक पहुंचकर कपड़े प्राप्त कर सके।
उन्होंने बताया कि लोग खुद भी देहरादून स्मार्ट सिटी लिमिटेड की इलेक्ट्रिक बस, स्मार्ट सिटी ऑफिस, सात्विक टावर, कौलागढ़ रोड, देहरादून में कपड़े दे सकते हैं। उन्होंने जनपदवासियों से इस काम में सहयोग की अपील भी की है।
बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी की पहल पर पिछले वर्ष भी यह अभियान चलाया गया था। जिसमें जनपद वासियों के सहयोग से 10 हजार से भी अधिक कपड़े जरूरतमंद बच्चों, महिलाओं, पुरूषों, दिव्यांगजनों एवं वृद्धतजनों तक पंहुचाए गए। डीएम ने कहा कि इसवर्ष भी ऐसा ही सहयोग करें, ताकि आपके अनुपयोगी कपड़े किसी के उपयोग में आ सकें।