सेलाकुई (डॉ. बिलाल अंसारी)-
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सेलाकुई पुलिस ने एक युवक को 22.81 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 6.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी डिलीवरी बॉय का काम करता था और सामान पहुंचाने की आड़ में नशे के आदी लोगों तक स्मैक की सप्लाई करता था। पुलिस के मुताबिक एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 2 अक्टूबर 2026 को सेलाकुई पुलिस टीम ने क्षेत्र में आकस्मिक चेकिंग के दौरान तेलपुरा स्थित जंगलात चौकी के पास पार्क में एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा। तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 22.81 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कमल चौधरी उर्फ बॉबी (उम्र 30 वर्ष) बताया। वह मूल रूप से कुआंखेड़ा, थाना लक्सर, हरिद्वार का रहने वाला है और वर्तमान में राजावाला, सेलाकुई में किराये पर रह रहा था।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह डिलीवरी बॉय का काम करता है। आरोप है कि वह सामान की डिलीवरी करने की आड़ में स्थानीय नशा तस्कर से स्मैक खरीदकर उसे नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सेलाकुई में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को कुछ अन्य नशा तस्करों के संबंध में भी जानकारी मिली है। पुलिस का कहना है कि संबंधित लोगों के खिलाफ भी आगे वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी: कमल चौधरी उर्फ बॉबी पुत्र कटार सिंह, निवासी कुआंखेड़ा, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार, हाल निवासी राजावाला, सेलाकुई, देहरादून, उम्र 30 वर्ष है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुमेर सिंह, कांस्टेबल वीर सिंह और कांस्टेबल मधुसूदन शामिल रहे।
