देहरादून के भंडारी बाग़ में एफडीए ने पकड़ा पांच कुंतल मिलावटी पनीर

देहरादून (बिलाल अंसारी) –
राजधानी देहरादून में खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल, टीम ने चेकिंग के दौरान एक सफेद हुंडई इयोन कार UK07BN 8358 से 500 किलो मिलावटी पनीर जब्त किया है। जिसे बेहद अस्वच्छ (गन्दी) प्लास्टिक की बोरियों से ढककर और खुले में ढोया जा रहा था। बताया गया कि मिलावटी पनीर आमजन के स्वास्थ्य के लिए भी बेहद खतरनाक साबित हो सकता था।
दरअसल देहरादून खाद्य संरक्षा विभाग के अधिकारी मनीष सयाना ने टीम के साथ भंडारी बाग क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया था। मौके पर स्थानीय पुलिस भी मौजूद थी। इसी बीच एक कार संदिग्ध हालत में दिखाई दी। कार को रोक कर उसकी तलाशी ली गई। इस दौरान कार की डिग्गी में से करीब 500 किलो मिलावटी पनीर बरामद किया। जोकि बेहद अस्वच्छ ढंग से रखा हुआ था। मौके पर पनीर की जांच में पाया गया कि यह मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त है। वाहन में पनीर स्वामी मोहम्मद इरशाद पुत्र खलील अहमद नामक व्यक्ति मौजूद था, जो कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। मिलावटी पनीर को जब्त करके नष्ट कर दिया गया है।

कुछ लोग गैरकानूनी तरीके से बाजार में नकली और घटिया खाद्य उत्पाद खपाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन विभाग सतर्क है और ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रहा है। देहरादून में कार्रवाई तेज़ कर दी गयी है।
ऐसे करें असली और नकली पनीर की पहचान :- असली पनीर को हाथ से मसलने पर वह टूटता नहीं बल्कि मुलायम रहता है। नकली पनीर जल्दी पिघल जाता है और पानी छोड़ता है। गरम पानी में डालने पर असली पनीर आकार नहीं बदलता, नकली पनीर सिकुड़ जाता है।
विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि उन्हें किसी दुकान, ढाबे, होटल, डेयरी या अन्य खाद्य इकाई में संदिग्ध गतिविधि नज़र आती है, तो वे तत्काल FDA की हेल्पलाइन या नजदीकी खाद्य सुरक्षा अधिकारी को इसकी सूचना दें। किसी भी शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।