सेलाकुई की जूता बनाने वाली कंपनी में शार्ट सर्किट से लगी आग, फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने बमुश्किल पाया आग पर काबू

सेलाकुई (बिलाल अंसारी)
औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई में पुरानी पुलिस चौकी के सामने मंगलवार दोपहर लगभग 3 बजे जूते बनाने वाली कंपनी बालाजी लेदर इंडस्ट्री के गोदाम में अचानक आग भड़क गई। आग इतनी भयंकर थी कि काफी दूर तक आसमान में काला धुंआ फ़ैल गया। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग का काबू पाया। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। आग से लाखों रूपये का सामान जलकर राख हो गया।

मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने आनन फानन में आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। कंपनी और फायर बिग्रेड के कर्मचारियों ने मिलकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग से किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फायर ब्रिगेड व सेलाकुई पुलिस द्वारा आग लगने के कारणों की जांच जारी है।