spot_img
spot_img
spot_img

क्षेत्र पंचायतों को मजबूत करने के लिए सीएम धामी की चार बड़ी घोषणाएंक्षेत्र पंचायत निधि होगी फिर शुरू, ब्लॉक प्रमुखों के मानदेय और भत्तों में वृद्धि की भी तैयारी

देहरादून (डॉ बिलाल अंसारी)-
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड प्रमुख संगठन सम्मेलन-2026 में क्षेत्र पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने क्षेत्र पंचायत निधि दोबारा शुरू करने, ब्लॉक प्रमुखों सहित क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों के मानदेय और भत्तों में वृद्धि, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की विकासखंड स्तरीय समिति में ब्लॉक प्रमुखों को शामिल करने तथा गांवों को शहरी क्षेत्र में शामिल करने से पहले संबंधित ग्राम पंचायत से विचार-विमर्श करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख और पंचायत प्रतिनिधि सरकार तथा जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और स्थानीय समस्याओं के समाधान में उनकी अहम भूमिका है। सरकार पंचायतों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए भी प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि स्थानीय निकायों की राज्य के कर राजस्व में हिस्सेदारी 10.5 से बढ़ाकर 12.5 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है। इसके लिए अनुपूरक बजट में 721 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाकर गांवों को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। होमस्टे, ग्रामीण पर्यटन, कृषि और स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग की अपील की। सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष राजीव कंडारी, महासचिव गणेश चंदोला, ज्योति ग्रोवर, संरक्षक हरीश बिष्ट सहित प्रदेशभर के ब्लॉक प्रमुख एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

spot_img
spot_img